ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भिवानी परिवार मैत्री संघ द्वारा ‘चिंतन छोटी काशी का’ कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में किया गया। संस्था के अध्यक्ष, समाजसेवी व अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि राजेश चेतन ने नारी सशक्तिकरण के लिए बीपीएमएस के संकल्प की जानकारी देते हुए बताया कि बीपीएमएस संसाधनों की कमी से किसी प्रतिभाशाली छात्रा का सपना नहीं टूटने देगा।
संसाधन उपलब्ध करवा कर उसका सपना साकार करने में पूरी मदद की जाएगी। इसके अलावा हेल्थ सर्विस को लेकर जागरूकता अभियान के साथ-साथ दवा, हृदय रोगी के लिए जीवन रक्षक किट, कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाने जैसी सेवाएं भी उपलब्ध करवाना बीपीएमएस के मिशन में शामिल है। अनीमिया व कैंसर जागरूकता के लिए भी संस्था की विशेष योजना है। राजेश चेतन ने बताया कि बीपीएमएस बहुत जल्द भिवानी के 140 डाक्टरों की डाक्टर्स मीट का आयोजन करने जा रहा है। स्वास्थ्य संबंधी हेल्पलाइन के लिए एक कमेटी का भी गठन किया जाएगा।
संस्था के महासचिव दिनेश गुप्ता ने आगामी वर्ष के लिए होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से रूपरेखा रखी जिसे सबकी सहमति से अंतिम रूप दिया गया। इसके पश्चात महिला सशक्तिकरण विषय पर डॉ वंदना वत्स ने भिवानी जिले की महिलाओं के बारे में जानकारी साझा की और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किए जाने की महत्ता को भी बताया। इसके वंदना वत्स ने अपील की कि शिक्षा क्षेत्र में उन लड़कियों की मदद करनी चाहिए जो मेधावी हैं लेकिन आर्थिक स्थिति के कारण शिक्षा ग्रहण नहीं कर पा रही हैं। वरिष्ठ पत्रकार केसरी शर्मा, समाजसेवी प्रतिनिधि सभा के प्रधान सुरेन्द्र जैन ने अपने-अपने क्षेत्रों के बारे में विस्तार से चर्चा की
जरूरतमंदों को बड़ी पेशकश
वैश्य महाविद्यालय के सचिव डा.सुरेश गुप्ता ने स्वास्थ्य क्षेत्र में चिंतन करते हुए कहा कि जिस प्रकार आम जन अपने स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही करते हैं, यह बहुत ही चिंताजनक है। उन्होंने संस्था को कार्य करने के लिए अनेक सकारात्मक सुझाव दिए। डा. सुरेश गुप्ता ने जरूरतमंदों के लिए कई बड़ी सहायतार्थ पेशकश कीं। दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग दिए जाएंगे जिसका खर्च संस्था उठाएगी। प्रत्येक दिव्यांग को एक लाख रुपये तक के कृत्रिम अंग (सर्जरी समेत) उपलब्ध करवाए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते भिवानी परिवार मैत्री संघ के अध्यक्ष राजेश चेतन व अन्य।- चित्र परिचय



















