ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने भारत को एक भरोसेमंद सहयोगी बताते हुए जमकर तारीफ की है। पुतिन ने कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्र विदेश नीति अपनाए हुए है। भारत अपनी विदेश नीति को लेकर स्पष्ट है और आज की दुनिया में ऐसा करना आसान बात नहीं है। एक बयान में उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज के तरीके और नीतियों की भी प्रशंसा की है।
– पीएम मोदी की नीतियों की प्रशंसा की
पुतिन ने कहा, भारत और रूस के संबध दशकों पुराने हैं और दोनों ने हमेशा से एक-दूसरे पर भरोसा किया है और जरूरत के समय साथ भी दिया है। पुतिन ने भारत में चलाई जा रही योजनाओं, खासतौर से ‘मेक इन इंडिया’ को सराहा। उन्होंने कहा कि हमारा भारत में निवेश करने का विश्वास हो या दूसरे संबंध, यह केवल शुरुआत है। आने वाले समय में दोनों देशों के बीच सहयोग और भी बढ़ेगा। पुतिन ने भारत के गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में उचित प्रभाव है और यह महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को सुलझाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।




















