ब्लिट्ज ब्यूरो
आगरा। यूपी के आगरा में स्थित ताजमहल के मुख्य गुंबद पर पानी की बोतल ले जाने पर रोक लगा दी गयी है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने बताया कि सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पिछले सोमवार को ताजमहल को तेजोमहालय शिव मंदिर होने का दावा करते हुए अखिल भारत हिन्दू महासभा की महिला शाखा की पदाधिकारी जलाभिषेक करने पहुंच गई थीं और भगवा वस्त्र लहराया था। हालांकि वह सफल नहीं हो पाई थीं और केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने कहा, ‘सीआईएसएफ ने कुछ सुरक्षा प्रबंध बढ़ाने की बात कही है। सुरक्षा कारणों से मुख्य गुंबद से पहले पानी की बोतल पर्यटकों से ले ली जाएंगी। पर्यटकों को पानी संबंधी दिक्क त नहीं होने दी जाएगी।’