ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। टेक्सटाइल्स के मामले में ग्लोबल लेवल पर ब्रांड इंडिया को नई पहचान देने के इरादे से राष्ट्रीय राजधानी में 26 से 29 फरवरी तक चार दिवसीय भारत टेक्स 2024 का आयोजन किया जाएगा। इसमें टेक्सटाइल्स में भारत की समृद्ध विरासत के साथ आज के दौर में हो रही तरक्क ी को शोकेस किया जाएगा। भारत मंडपम और यशोभूमि में करीब 22 लाख वर्ग फुट एरिया में होने वाले इस आयोजन में टेक्सटाइल्स से जुड़ी 10 अलग-अलग थीम्स पर आधारित फैशन शो होंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी भारत टेक्स 2024 का उद्घाटन करेंगे। इसमें एच एंड एम, टारगेट, एंको, तेइजिन, फोर्टम और ब्रैंडिक्स अपैरल्स, रिलायंस ग्रुप, आदित्य बिड़ला ग्रुप, अरविंद फैशन, ट्राइडेंट सहित 3000 से ज्यादा देसी-विदेशी कंपनियां शिरकत करेंगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि साल 2030 तक भारत का कुल टेक्सटाइल्स एक्सपोर्ट 100 अरब डॉलर और इसमें अपैरल एक्सपोर्ट की हिस्सेदारी 40 अरब डॉलर तक ले जाने की दिशा तय करने के लिहाज से यह आयोजन अहम होगा। इसमें देश-विदेश के 3,000 से अधिक एग्जिबिटर भागीदारी करेंगे।
देश का टेक्सटाइल्स मार्केट
भारत टेक्स 2024 में सस्टेनेबिलिटी और मजबूत वैल्यू चेन पर फोकस होगा। भारत दुनिया में टेक्सटाइल्स का तीसरी बड़ा एक्सपोर्टर है। कपास जैसे नेचुरल फाइबर के मामले में भारत सबसे आगे है। दुनिया में कपास के कुल रकबे का एक तिहाई से ज्यादा हिस्सा भारत में है। भारत का टेक्सटाइल्स मार्केट करीब 150 अरब डॉलर का है। एक्सपोर्ट मार्केट लगभग 40 अरब डॉलर है। बांग्लादेश और वियतनाम कुछ मामलों में टक्क र दे रहे हैं, लेकिन उनकी सीमा यह है कि वे कुल मिलाकर अपैरल कंट्री ही हैं। वहीं, भारत के पास पूरी वैल्यू चेन है।