ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत का समय आ गया है। विकास दर लगातार बढ़ रही है। दुनिया का भारत पर भरोसा बढ़ रहा है। मोदी ने जोर देते हुए कहा, हमारे आलोचक अब तक के सबसे निचले स्तर पर हैं। पीएम मोदी ने ग्लोबल बिजनेस समिट में कहा कि किसी भी देश की विकास यात्रा में ऐसा समय आता है, जब सभी परिस्थितियां उसके पक्ष में होती हैं।
उन्होंने कहा, यह वह समय है, जब विकास दर बढ़ रही है, राजकोषीय घाटा कम हो रहा है। निर्यात बढ़ रहा है, चालू खाता घाटा कम रहा है। उत्पादक निवेश रिकॉर्ड ऊंचाई पर है, मुद्रास्फीति नीचे है। अवसर व आय, दोनों बढ़ रहे हैं व गरीबी कम हो रही है। पीएम ने कहा, यही समय है, जब उपभोग व कॉरपोरेट लाभप्रदाता, दोनों बढ़ रहे हैं व बैंक एनपीए में रिकॉर्ड कमी आई है। उत्पादन और उत्पादकता बढ़ रही है।
भारत के लिए ऐसी सकारात्मक भावना पहले कभी नहीं थी। आज, हर विशेषज्ञ समूह में चर्चा है कि भारत बीते 10 वर्षों में बदल गया है। दावोस में भी भारत के लिए बहुत उत्साह दिखा। कह रहे हैं, भारत का डिजिटल बुनियादी ढांचा नई ऊंचाई छू रहा है।