ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में जहां लाखों की संख्या में पुरुष और महिलाएं एक ही दफ्तर में काम करते हैं, वहीं मुंबई से कुछ दूर नलासोपार में कुछ लोगों को पुरुष और महिला एक पार्लर में साथ काम करें, यह पसंद नहीं। ऐसी मानसिकता को बदलकर एक महिला ने नलासोपर का पहला यूनिसेक्स सैलून शुरू किया है। इतना ही नहीं, वह महिला लड़के-लड़कियों और महिलाओं को पार्लर का काम भी सिखाती है। उसका मकसद है महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना।
– कई पुरस्कार जीत चुकीं
अंजलि हेयर एंड अफेयर सैलून की मालकिन अंजलि रोजारियो ने बताया कि उन्होंने जब यह यूनिसेक्स सैलून खोलने की बात की, तो आसपास के लोगों ने उनका विरोध किया। इनके खुद के घरवाले इनके खिलाफ थे। उन्होंने यह बड़ा कदम उठाया और फिर आसपास की लड़कियों समेत कई महिलाओं को पार्लर का काम सिखाना शुरू किया। कई लड़कियों व महिलाओं के मां-बाप ने भी उनका विरोध किया। उन्होंने कुछ गैर-सरकारी संगठन और महिला संगठनों की मदद लेकर महिलाओं को और उनके घरवालों को समझाया। अब तक इनके पास पार्लर का काम सीखने वाली कई महिलाओं ने खुद का पार्लर खोल लिया है।
जीत चुकी हैं कई पुरस्कार
अंजलि रोजारियो अब तक कई पुरस्कार जीत चुकी हैं। मैट्रिक्स हेयर ट्रांसफार्मर 2022 और 2023, दोनों इन्होंने जीते हैं। बेस्ट 100 इण्डियन इंफ्ल्यूएंसर में भी उन्हें पुरस्कार मिल चुका है। ‘शाबास नारी 2024’ का पुरस्कार भी उनके नाम है। इन सबके अलावा अंजलि को दिल्ली में बेस्ट डॉक्टरेट का पुरस्कार भी मिल चुका। उन्होंने अब तक मेकअप और हेयरसे जुड़ी चीजों के लिए कई देशों में जाकर ट्रेनिंग ली है।