ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। हाल के लोकसभा चुनाव में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का हर पैंतरा फेल हुआ। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान कई बार कहा था कि यदि इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो वह अगले ही दिन जेल से बाहर आ जाएंगे। उन्होंने अपनी रिहाई के लिए दिल्ली की जनता से सातों सीटें पर जितवाने की अपील की थी लेकिन परिणाम इसके एकदम विपरीत रहे। भाजपा ने लगातार तीसरी बार दिल्ली में 7-0 से क्लीन स्वीप किया।
उधर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की सभी सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों की हार का यह कहकर बचाव किया है कि जनता पुराने पैटर्न पर रही। केजरीवाल की अपील पर भी जवाब दिया। पार्टी का कहना है कि लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता भाजपा को चुनती है और विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को। एक बार फिर ऐसा ही हुआ है। पार्टी ने दिल्ली में हार को लेकर केजरीवाल की उस अपील पर भी जवाब दिया है जिसमें उन्होंने जनता से कहा था कि उन्हें जेल से बचाने के लिए इंडिया गठबंधन को जिताएं।
जनादेश को मोदी सरकार के खिलाफ बताया
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने दिल्ली, पंजाब और देश के चुनावी नतीजों पर पार्टी का रुख साफ किया। उन्होंने जनादेश को मोदी सरकार के खिलाफ बताते हुए कहा कि भाजपा को 63 सीटें कम मिली हैं और वह बहुमत से दूर रह गई। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद अच्छा काम किया। उन्होंने इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरिम जमानत पर केजरीवाल बाहर निकले तो सिर्फ आम आदमी पार्टी नहीं, बल्कि पूरे गठबंधन के लिए प्रचार किया।
हम अहम नहीं हैं, देश जरूरी है
पाठक ने कहा, ‘जहां तक आम आदमी पार्टी की बात है तो पहले दिन से हमारा एक ही गोल था कि हम अहम नहीं हैं, देश जरूरी है। इसी भावना के साथ गठबंधन में आए। अपनी पूरी ताकत के साथ गठबंधन के लिए काम किया।
लोकसभा जैसे नतीजे विधानसभा चुनावों में लाने की भाजपा की तैयारी
लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में बीजेपी की अगुवाई में राजग की सरकार बन गई है। अब विभिन्न राजनीतिक दलों की नजरें कुछ राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों पर हैं, जिनमें दिल्ली भी शामिल है। राष्ट्रीय राजधानी में अगले साल के शुरू में विधानसभा चुनाव होने हैं।
दिल्ली की सातों सीट पर बीजेपी ने लगातार तीसरी बार क्लीन स्वीप किया है। अब भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों में यही प्रदर्शन दोहराने के लिए खास रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने भी अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। कुछ दिन की जमानत के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वापस जेल पहुंच गए हैं। केजरीवाल की गैर हाजिरी में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने चुनाव नतीजों की समीक्षा बैठक ली। उस बैठक के बाद आप के दिल्ली संयोजक और दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने घोषणा कर दी कि कांग्रेस से आप का गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव के लिए था।
आप विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। उसके बाद दिल्ली कांग्रेस के नए अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी इसी बात को दोहराया यानी दिल्ली का विधानसभा चुनाव तिकोना होना तय है। पिछले कई वर्षों से दिल्ली में लोकसभा, विधानसभा और नगर निगम चुनावों का जनादेश अलग-अलग रहा है।



















