ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 13 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्रालय के एक बड़े अभियान ‘आयुष्मान भवः’ की वर्चुअल शुरुआत की। इसके लिए विभिन्न शहरों में प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई थी। लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्र हो कर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का संबोधन सुना।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा शुरू होगा। इस अभियान के तहत 60 हजार लोगों को आयुष्मान भारत कार्ड दिए जाएंगे। अभियान के तीन मुख्य स्तंभ होंगे, जिसमें देश में लाखों हेल्थ और वेलनेस सेंटरों पर आयुष्मान मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड बांटने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी और आयुष्मान सभाओं का आयोजन होगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिसाल पेश करने वाले गांवों को आयुष्मान गांव भी घोषित किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्रालय की योजनाओं का फायदा हर व्यक्ति तक पहुंचाने के मकसद के साथ यह अभियान शुरू किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और जागरूकता को बढ़ाने के लिए सेवा पखवाड़े के दौरान कई कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है।


















