ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। कहते हैं कई लोगों के लिए उम्र महज एक संख्या होती है। पेरिस ओलंपिक में कई उम्रदराज खिलाड़ी खेलेंगे। ऑस्ट्रेलिया की घुड़सवारी टीम में रिजर्व के रूप में शामिल 69 साल की मैरी हाना हैं तो कनाडा की घुड़सवार जिल इर्विंग भी हैं जो 61 की उम्र में पहला ओलंपिक खेलेंगी।
जिल को तो टोक्यो ओलंपिक में ही खेलना था पर कोरोना के कारण खेल एक साल खिसक गए और तब तक उनके घोड़े की भाग लेने की उम्र निकल गई। अब घोड़ा बदल गया पर जिल तो वहीं है खेलने का जज्बा भी वही है। मैरी तो पोते-पोतियों वाली हैं लेकिन घुड़सवारी नहीं छोड़ी है।
11 साल की चीनी स्केटबोर्ड खिलाड़ी झेंग हाओहाओ
पेरिस में सबसे युवा खिलाड़ी की बात करें तो चीन की स्केटबोर्ड खिलाड़ी झेंग हाओहाओ महज 11 साल की हैं और चीन की सबसे युवा ओलंपियन हैं। उन्होंने बुडापेस्ट क्वालिफायर सीरीज में पेरिस के लिए स्थान सुनिश्चित किया।
14 साल की धिनिधि देसिंधू भारत की सबसे युवा खिलाड़ी
भारत की ओर से सबसे युवा खिलाड़ी 14 साल की धिनिधि देसिंधू हैं जो 200 मीटर फ्री स्टाइल में भाग लेंगी।
पेरिस ओलंपिक में 50 साल से ज्यादा उम्र के खिलाड़ी
| उम्र | खिलाड़ी | देश | स्पर्धा |
| 69 | मैरी हाना | ऑस्ट्रेलिया | घुड़सवारी |
| 61 | जिल इर्विंग | कनाडा | घुड़सवारी |
| 59 | मारियो | कनाडा | घुड़सवारी |
| 57 | कार्ल हेस्टर | ब्रिटेन | घुड़सवारी |
| 55 | निनो सालुकेवदेज | जॉर्जिया | निशानेबाजी |
| 50 | एंडी मैकडोनाल्ड | ब्रिटेन | स्केटबोर्डिंग |
सबसे युवा भारतीय ओलंपियन
– ए. साहा (तैराक)-11 साल और 10 महीने- 1952- हेलसिंकी
– धिनिधि (तैराक)- 14 साल और 02 महीने- 2024- पेरिस
– पीटी उषा- (धाविका)- 16 साल और 66 दिन- 1980- मास्को
– अभिनव (शूटर)- 17 साल और 356 दिन- 2000- सिडनी



















