ब्लिट्ज ब्यूरो
ओडिशा में प्रधानमंत्री मोदी ने 10 से ज्यादा सभाएं-रैलियां की थीं। अपनी तकरीबन हर रैली में उन्होंने इस बात को दोहराया कि इस बार 4 जून को नवीन बाबू रिटायर होंगे और 10 जून को भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा। मोदी का यह दावा भाजपा ने सही साबित कर दिया। यह पहली बार है जब ओडिशा में भाजपा अपने दम पर सरकार बनाएगी।
इससे पहले भाजपा वर्ष 2000 और 2004 में पटनायक के साथ थी। वर्ष 2009 में दोनों ने अलग-अलग राह पकड़ी। बीते चुनाव में भाजपा तब चर्चा में आई जब उसे राज्य की 21 लोकसभा सीटों में से 8 (2014 के मुकाबले 7 ज्यादा) पर जीत मिली। हालांकि बीते विधानसभा चुनाव में वह महज 23 सीटें ही जीत पाई थी। पीएम मोदी ने राज्य में पार्टी की शानदार जीत पर कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता को बधाई दी है। भाजपा की ओर सीएम पद की दौड़ में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल व संबित पात्रा आगे बताए जाते हैं।




















