Team Blitz India
नई दिल्ली। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बहिष्कार से पहले कांग्रेस ने हमारे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और अब द्रौपदी मुर्मू के संसद में अभिभाषण का बहिष्कार किया। 2004 के बाद 2009 तक कांग्रेस ने कारगिल विजय दिवस का बहिष्कार किया। मई 1998 में अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार के नेतृत्व में हुए पोखरण परमाणु परीक्षण के बाद 10 दिन तक कांग्रेस ने कोई बयान नहीं दिया था।
और तो और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी जी, जो इन्हीं की पार्टी के थे, उनके भारत रत्न समारोह का भी कांग्रेस ने बहिष्कार कर दिया था। उन्होंने नए संसद भवन के उद्घाटन का बहिष्कार किया। जब जीएसटी लागू हुआ तो उसका भी बहिष्कार किया। जी20 के समय दुनिया के सबसे शक्तिशाली 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए थे, उसमें भी महामहिम राष्ट्रपति के द्वारा दिए गए भोज का भी कांग्रेस ने बहिष्कार किया।




















