ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। बलूचिस्तान ने पाकिस्तान को करारा झटका देते हुए खुद को आजाद देश घोषित कर दिया है। सोशल मीडिया पर एक बयान शेयर किया गया है, जिसमें ‘रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान’ के नाम से बलूचिस्तान को स्वतंत्र देश घोषित किए जाने का दावा किया गया है। वायरल लेटर में कहा गया है कि बलूचिस्तान की सेना ने क्षेत्र के 85 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा कर लिया है। इसके साथ ही देश का झंडा, राष्ट्रगान, नई करेंसी और प्रशासनिक व्यवस्था लागू करने का भी दावा किया गया है।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए लैटर में यह भी कहा गया है कि नई सरकार के पास क्षेत्र का खनिज, गैस क्षेत्रों और कोयला खदानों पर पूरा नियंत्रण है। इसके अलावा पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों से बड़ी संख्या में लोगों के इस्तीफा देकर बलूचिस्तान का साथ देने का भी जिक्र किया गया है।
कई बार हुआ विरोध प्रदर्शन
बलूचिस्तान में लंबे समय से तनाव चल रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ कई बार विरोध प्रदर्शन भी हुआ। बलूचिस्तान के लोगों ने आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ के खिलाफ नारेबाजी भी की। अब बलूचिस्तान के खुद के आजाद घोषित करने के बाद पाक का सिरदर्द और ज्यादा बढ़ गया है। अहम बात यह भी है कि वायरल लैटर के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। किसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संस्था या मान्यता प्राप्त सरकार ने बलूचिस्तान को एक स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता देने की घोषणा भी नहीं की है।
बलूचिस्तान में पिछले कुछ महीनों में हिंसा बढ़ी है। यहां जातीय बलूच विद्रोही और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के आतंकवादी सुरक्षा बलों को निशाना बना रहे हैं। 5 जुलाई से अब तक एक अभियान में 109 आतंकवादी मारे गए हैं। यह अभियान पाकिस्तान सेना, फ्रंटियर कोर और बलूचिस्तान पुलिस ने मिलकर चलाया था।













