संजय द्विवेदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार बुंदेलखंड में डेटा सेंटर और आईटी हब बनाने जा रही है। इसके लिए 1,000 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर रही है।
यह प्रोजेक्ट 56,662 एकड़ वाले ‘बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण’ (बीडा) का हिस्सा है।
डेटा हब के लिए अब तक 810 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि डेटा हब के लिए अब तक 810 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य बीडा के भीतर विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के लिए एक एकीकृत बुनियादी ढांचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर) तैयार करना है। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने अधिकारियों को बीडा और अन्य प्रमुख औद्योगिक प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
बीडा ने अब तक 28,874 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर लिया है, जो इसके पहले चरण के 35,298 एकड़ के लक्ष्य का 80 प्रतिशत से अधिक है। बीडा के भीतर विकास के लिए प्रस्तावित 1,000 एकड़ जमीन को लेकर एक विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) जमा कर दी गई है। बीडा के लिए ड्राफ्ट सेक्टर प्लान भी तैयार कर लिया गया है, जिसे बीडा मास्टर प्लान 2045 के मंजूर होने के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा। बीडा को नोएडा और ग्रेटर नोएडा की तरह एक आधुनिक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है।














