ब्लिट्ज ब्यूरो
न्यूयॉर्क। शाम की मद्धिम रोशनी, मेज पर सजी लजीज डिश और बैकग्राउंड में बजता धीमा संगीत। यह माहौल किसी भी बेहतरीन डिनर का हो सकता है, पर आज के दौर में इस खूबसूरत तस्वीर का सच कुछ और ही दिखता है। आमने-सामने बैठे दो लोग, हाथों में चमचमाते स्मार्टफोन, अंगुलियां स्क्रीन पर तेजी से भागती हुई और बीच में छाई अजीब-सी खामोशी। डिनर टेबल्स अब बातचीत का जरिया कम और ‘स्क्रॉल जोन’ ज्यादा बन चुकी हैं। स्मार्टफोन अब आधुनिक समय की नई ‘लत’ बनते जा रहे हैं।
इसी डिजिटल लत से ऊबकर दुनिया भर के कई रेस्तरां अब अनूठी और साहसी क्रांति की शुरुआत कर रहे हैं… ‘नो फोन पॉलिसी’।
कुछ इसे दर्शन की तरह अपना रहे हैं, तो कुछ कड़े नियमों के साथ। हार्लेम का ‘द एज’ रेस्तरां दरवाजे पर लगे बोर्ड से लोगों का स्वागत करता है… ‘नो वाई-फाई, नो स्क्रीन्स, एक-दूसरे से जुड़ें।’ वहीं नॉर्थ कैरोलिना का ‘द एंटागोनिस्ट’ में ग्राहकों को ‘योंडू पाउच’ थमा देते हैं, जिसमें फोन बंद होकर लॉक हो जाता है। डिनर खत्म होने के बाद सिर्फ स्टाफ ही उसे अनलॉक कर सकता है। ट्रिबेका का ‘यूलाली’ रेस्तरां तो फोन पूरी तरह बैन कर चुका है। शुरुआत में अजीब लगने वाला यह नियम अब ग्राहकों को पसंद आ रहा है। ‘यूलाली’ के संचालकों का कहना है कि यह पाबंदी ग्राहकों को मानसिक आजादी देती है। उन्हें ऑफिस या रिश्तेदारों को यह सफाई नहीं देनी पड़ती कि उन्होंने कॉल क्यों नहीं लिया।
रेस्तरां का नियम ही मददगार हो जाता है
फोन के बिना भोजन करना न सिर्फ खाने का असली स्वाद लौटाता है, बल्कि उसे तैयार करने वाले शेफ की मेहनत का सम्मान भी है। साथ ही, कोई भी ग्राहक निजी डिनर में दूसरों की रील्स की आवाज नहीं सुनना चाहता।
‘द – हैरिस पोल’ के अनुसार 83% ‘जेन जी’ ने स्क्रीन टाइम घटाने की कोशिश शुरू की है। स्क्रीन के इस मायाजाल से निकलकर जब लोग फोन बंद कर आमने-सामने देखते हैं, तो कांटों-छुरियों की खनक के साथ असली बातों की महक फिर से घुलने लगती है। डाइनिंग टेबल पर स्क्रीन का अंधेरा छंट रहा है और एक-दूसरे की आंखों में झांकने का दौर फिर लौट रहा है।
फोन से दूरी स्वाद और आपसी जुड़ाव को बेहतर बनाती है
हार्वर्ड टी. एच. चान स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ की वरिष्ठ पोषण वैज्ञानिक डॉ. लिलियन चेडंग कहती हैं, ‘स्क्रीन-मुक्त भोजन सेहत और मानसिक सुकून दोनों के लिए क्रांतिकारी है। उनका शोध बताता है कि खाते समय फोन का इस्तेमाल ‘माइंडलेस इंटिंग’ को बढ़ावा देता है, जिससे मस्तिष्क तृप्ति के संकेत देर से पकड़ पाता है और लोग 20% तक ज्यादा खा लेते हैं।
वहीं, फोन से दूरी भोजन के स्वाद, पाचन क्रिया और आपसी जुड़ाव को कई गुना बेहतर बनाती है। यह पाबंदी तनाव घटाने और रिश्तों में वास्तविक संवाद लौटाने का वैज्ञानिक आधार बनती है।’














