ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। रिलायंस फाउंडेशन अनाथ, बुजुर्ग और दिव्यांग जनों के लिए 100 एकड़ में आवासीय परिसर बनाने जा रहा है। इसकी घोषणा रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी ने की।
परिसर का नाम ”नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय” होगा जिसमें 5,000 से अधिक जरूरतमंदों को अपना घर मिलेगा। विगत दिवस इस परिसर का भूमिपूजन किया गया।
महाराष्ट्र के कर्जत में करीब 100 एकड़ में बनने वाले इस परिसर में में 5,000 से अधिक अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को घर-परिवार जैसा माहौल और देखभाल उपलब्ध कराया जाएगा। भूमिपूजन में ईशा अंबानी भी शामिल हुईं ं। रिलायंस फाउंडेशन की यह गैर-लाभकारी पहल है। आवश्यक मंजूरी मिलने के साथ चरणबद्ध तरीके से इस परिसर को विकसित किया जाएगा। खास बात यह है कि नीता अंबानी ने अपने जन्मदिन के अवसर इस पहल की नींव रखी। अपने संबोधन में इस पहल को भारत मां के चरणों में एक मां की ओर से छोटी-सी भेंट बताया।
भूमिपूजन के मौके पर नीता अंबानी ने कहा कि अनंत आश्रय उनके और उनके परिवार के दिल के बेहद करीब है।
उन्होंने कहा, एक मां के तौर पर मेरी सबसे बड़ी उम्मीद है कि जिन माता-पिता को जीवनभर यह चिंता रही है कि उनके न रहने पर बच्चों की देखभाल कौन करेगा, उन्हें यह भरोसा मिल सके कि उनके बच्चे का हमेशा अपना घर और परिवार होगा। उन्हें अपने परिवार की तरह ही यहां प्यार मिलेगा।














