दीपक द्विवेदी
2047 का भारत हमारे रोज के फैसलों और काम से आकार लेगा। सरकार की नीति, प्रशासन की तत्परता, उद्योग का निवेश, संस्थानों की गुणवत्ता और नागरिकों की भागीदारी-सबका योगदान इस यात्रा में दर्ज होगा।
विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब राष्ट्रीय उपलब्धियां हर नागरिक के जीवन में अवसर, सुविधा और सम्मान बनकर उतरेंगी। मंजिल तय है; अब उस तक पहुंचने की तैयारी और प्रगति का नियमित हिसाब जरूरी है।
दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों से मुखातिब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिस तरह से न्यूजरूम में घड़ी केवल समय नहीं बताती, जिम्मेदारी भी याद दिलाती है। खबर लिखनी है, तथ्य जांचने हैं और पन्ना तय समय पर छोड़ना है। विकसित भारत के निर्माण में भी यही अनुशासन चाहिए। वर्ष 2047 हमारी राष्ट्रीय आकांक्षा की समयसीमा है इसलिए आज के काम को कल पर टालने की गुंजाइश लगातार कम हो रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजरूम की डेडलाइन को देश के विकास से जोड़कर एक महत्वपूर्ण बात सामने रखी। आजादी के सौवें वर्ष तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य दूर की घोषणा मानकर नहीं छोड़ा जा सकता। उसे आज की प्राथमिकताओं, फैसलों और कामकाज में जगह देनी होगी। उसकी प्रगति भी नियमित रूप से परखी जानी चाहिए।
दो दशक किसी व्यक्ति के जीवन में लंबा समय हो सकते हैं, लेकिन इतने विशाल देश की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और सार्वजनिक सेवाओं में व्यापक बदलाव के लिए यह अवधि सीमित है। इसलिए 2047 की तैयारी का सबसे महत्वपूर्ण समय आज है। आजादी का आंदोलन भी लंबे संघर्ष और अनेक पड़ावों से होकर अपनी मंजिल तक पहुंचा था। विकसित भारत का संकल्प भी इसी तरह आगे बढ़ेगा। राष्ट्रीय लक्ष्य को पांच साल, एक साल और जरूरत के अनुसार तिमाही की कार्ययोजनाओं में बांटना होगा।
इसके लिए नीतियों में निरंतरता और क्रियान्वयन में सुधार जरूरी है। समीक्षा का उद्देश्य केवल कमी गिनाना नहीं, काम को सही दिशा और गति देना होना चाहिए।
अंतरिक्ष अभियान, आधुनिक रेल ढांचा, डिजिटल भुगतान, सौर ऊर्जा और मोबाइल निर्माण में भारत की प्रगति ने देश का आत्मविश्वास बढ़ाया है। इन उपलब्धियों के पीछे वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, उद्यमियों, श्रमिकों और सार्वजनिक संस्थानों का साझा योगदान है। यह अनुभव बताता है कि स्पष्ट लक्ष्य, संसाधन और लगातार प्रयास मिलें तो भारत बड़े बदलाव कर सकता है। अब इसी क्षमता को विकास के अगले चरण में लगाना होगा। देश में निर्माण और अनुसंधान का काम भी बढ़े। डिजिटल भुगतान सुरक्षित हो, स्वच्छ ऊर्जा का लाभ सबको मिले, नए उद्यम टिकें, बढ़ें और रोजगार दें ऐसी व्यवस्था बने।
वस्तुत: उपलब्धियां आगे बढ़ने का भरोसा देती हैं। उनका सबसे उपयोगी सम्मान यही है कि उनसे मिली सीख को अगले लक्ष्य की तैयारी में लगाया जाए।
विकसित भारत की सबसे महत्वपूर्ण कसौटी नागरिक का उत्तम जीवन होगा। इन्हीं सवालों के उत्तर विकास की वास्तविक तस्वीर बनाएंगे। प्रगति का आकलन अनेक स्तरों पर होना चाहिए। महिलाओं और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे तो विकास की गति भी मजबूत होगी। अत: 2047 का हिसाब-किताब रखने के लिए जरूरी है कि हर लक्ष्य की स्पष्ट समयसीमा हो। हर जिम्मेदारी का उत्तरदायी संस्थान तय हो। हर उपलब्धि का लाभ नागरिक तक मापा जाए। हर अधूरे काम पर सुधार की अगली कार्रवाई सामने आए।
भारत की उपलब्धियों को दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी भावना से हर न्यूजरूम में एक ‘2047 डेस्क’ का विचार आगे बढ़ाया जा सकता है। यह डेस्क विकास के लक्ष्यों और परिणामों पर लगातार नजर रखे। ब्लिट्ज इंडिया के लिए विकास पत्रकारिता का अर्थ इसी जिम्मेदारी को निभाना है— देश के प्रयासों को समझना, उपलब्धियों को सामने लाना और उन कामों की ओर ध्यान दिलाना है जिनसे नागरिकों का जीवन बेहतर हो सकता है। 2047 का भारत हमारे रोज के फैसलों और काम से आकार लेगा। सरकार की नीति, प्रशासन की तत्परता, उद्योग का निवेश, संस्थानों की गुणवत्ता और नागरिकों की भागीदारी—सबका योगदान इस यात्रा में दर्ज होगा।














