नई दिल्ली। देश में स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकारी खर्च पिछले दस साल में तीन गुना से अधिक बढ़ा है। इसका असर कुल स्वास्थ्य खर्च में सरकार की बढ़ती हिस्सेदारी और लोगों की जेब से होने वाले भुगतान में कमी के रूप में दिखा है। 2013-14 में कुल स्वास्थ्य खर्च का 64.2% हिस्सा लोगों को खुद उठाना पड़ता था, जो 2023-24 में घटकर 42.7% रह गया। हालांकि, अब भी इलाज के कुल खर्च का बड़ा हिस्सा आम लोगों की जेब से ही जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को नेशनल हेल्थ अकाउंट्स (एनएचए) 2023-24 की रिपोर्ट जारी की।
1.53 लाख करोड़ रुपये खर्च
सरकार ने 2023-24 में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं पर करीब 1.53 लाख करोड़ रुपये खर्च किए। इसका मकसद लोगों को घर के नजदीक ही बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के जरिए बीमारियों की शुरुआती पहचान, गैर-संचारी रोगों की जांच, जरूरी दवाएं और जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार का खर्च
2013-14 में यह 1,29,778 करोड़ रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 4,14,196 करोड़ रुपये हो गया। यानी दस साल में सरकारी स्वास्थ्य खर्च तीन गुना से अधिक बढ़ा। खर्च में सरकार की हिस्सेदारी भी 14.9% अंक बढ़ी है।
10 साल में कितना बदला स्वास्थ्य खर्च?
64.2 से 42.7%: कुल स्वास्थ्य खर्च में लोगों की जेब से होने वाले भुगतान की हिस्सेदारी 2013-14 से 2023-24 के बीच घटी।
1.30 लाख करोड़ से 4.14 लाख करोड़ः स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार का कुल खर्च तीन गुना से अधिक बढ़ा।
14.9% अंक की बढ़ोतरी: कुल स्वास्थ्य खर्च में सरकारी हिस्सेदारी में 2013-14 के मुकाबले 2023-24 तक इतनी वृद्धि हुई।
43.4 से 42.7%: लोगों की जेब से होने वाले खर्च की हिस्सेदारी 2022-23 के मुकाबले 2023-24 में घटी।
प्रति व्यक्ति सरकारी खर्च में बढ़ोतरी
साल प्रति व्यक्ति खर्च
2013 14 1,042
2023 24 2,959














