ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 53 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट बांटे। योगी ने बताया कि इन टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। युवा योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप टेक जैसे आधुनिक विषयों
की पढ़ाई कर सकेंगे। युवा साथी एप के जरिए छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम और सीएम इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और मुद्रा योजना की जानकारी भी मिलेगी। उन्होंने युवाओं से टैबलेट का इस्तेमाल मनोरंजन के बजाय ज्ञान और भविष्य संवारने के लिए करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
प्रदेश में 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। होमगार्ड को अगले 10 दिनों में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।














