मीरा-भाईं ंदर। मीरा-भाईं ंदर के गोल्डन नेस्ट स्थित करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से वने स्व. बालासाहेब ठाकरे ऑडिटोरियम के शुरू होने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। उद्घाटन के करीब एक साल बाद भी बंद पड़े इस ऑडिटोरियम को शुरू करने के लिए सत्ताधारी बीजेपी ने संचालन की टेंडर प्रक्रिया अपनाने का फैसला किया है। विगत महासभा में यह प्रस्ताव बहुमत से मंजूर किया गया। इसके साथ ही निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने का निर्णय भी लिया गया।
मीरा-भाईं ंदर के कलाकारों और सांस्कृतिक गतिविधियों को मंच देने के उद्देश्य से परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के प्रयासों से गोल्डन नेस्ट के आरक्षित भूखंड पर इस भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण किया गया है। ग्राउंड प्लस एक मंजिला इस इमारत में अत्याधुनिक गेम जोन, नाट्यगृह और बालासाहेब ठाकरे के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी सहित कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। हालांकि, करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद इसका लाभ अब तक शहरवासियों को नहीं मिल पाया।
एमबीएमसी ने जताई थी असमर्थता
दरअसल, ऑडिटोरियम के संचालन पर हर साल करोड़ों रुपये खर्च होने की संभावना को देखते हुए मीरा-भाईं ंदर महानगरपालिका ने इसे चलाने में अपनी आर्थिक असमर्थता जताई थी। इसी मुद्दे पर शिवसेना ने आंदोलन की चेतावनी दी थी। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मनपा की आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर स्वयं हर महीने 10 लाख रुपये देने की पेशकश भी की थी, ताकि ऑडिटोरियम का संचालन शुरू हो सके। विगत दिवस महासभा में बीजेपी नगरसेवक दिनेश जैन ने निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए जांच की मांग की। साथ ही संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का प्रस्ताव रखा, जिसे बहुमत से मंजूरी मिल गई। वहीं, शिवसेना नगरसेविका शर्मिला बागजी ने संचालन के लिए समिति गठित करने और बजट में खर्च का प्रावधान करने के बाद दोबारा प्रस्ताव लाने की मांग की। अब टेंडर प्रक्रिया के जरिए ऑडिटोरियम के संचालन की जिम्मेदारी तय होने के बाद शहरवासियों को इसके वास्तविक रूप से शुरू होने का इंतजार है।














