ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। शहर में मच्छरों से होने वाली बीमारियों में मलेरिया का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। पिछले साल की तुलना में इस साल अक्टूबर तक मलेरिया के मामलों में करीब 48% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अक्टूबर 2025 के बीच मलेरिया के 8,521 मामले सामने आए थे, जबकि इसी अवधि में 2026 में यह संख्या बढ़कर 12,574 हो गई। यानी एक साल में 4,053 मरीज बढ़े हैं। गत वर्ष प्रति दिन मलेरिया से औसतन 28 लोग संक्रमित हुए, वहीं इस वर्ष प्रति दिन 49 लोग मलेरिया की जद में आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मलेरिया के मामले बढ़ने के पीछे कई प्रमुख कारण है। इसमें सबसे बड़ा कारण है कंस्ट्रक्शन साइट, जहां मच्छरों को पनपने के लिए अनुकूल वातावरण मिलता है। इसके अलावा क्लाइमेट चेंज भी एक बड़ा कारण बन रहा है। बारिश की अनियमितता, बेमौसम बारिश, गर्मी और उमस मच्छरों के लिए वरदान साबित हो रही है। यह मच्छर घरों में, सोसाइटियों और वर्क प्लेस में भी आसानी से पनपते हैं। इसलिए लोगों को पानी को ढक कर रखना चाहिए। आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए।
चिकनगुनिया के मामलों में 84% की गिरावट
मुंबई में चिकनगुनिया के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है। अक्टूबर तक 2025 में 710 मरीज मिले थे, जबकि 2026 में 113 मरीज ही इस रोग से पीड़ित मिले। इस तरह एक साल में 597 मामले कम हुए है। यह करीब 84 फीसदी की गिरावट है।
मलेरिया से ऐसे करें बचाव
घर के आसपास पानी जमा न होने दें।
पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें।
पूरी बांह के कपड़े पहनें।
मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
खिड़कियों और दरवाजों पर मच्छररोधी जाली लगाएं।
जरूरत पड़ने पर मच्छर भगाने वाली क्रीम का इस्तेमाल करें।
बुखार आने पर जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह से इलाज लें।
कैसे होता है मलेरिया ?
मलेरिया संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। इस मच्छर के जरिए प्लाज्मोडियम नामक परजीवी इंसान के शरीर में पहुंचता है। यह परजीवी लिवर और फिर लाल रक्त कोशिकाओं को प्रभावित करता है। इसके कारण बुखार, ठंड लगना, पसीना आना, सिरदर्द और कमजोरी जैसे लक्षण हो सकते हैं।














