ब्लिट्ज ब्यूरो
भदोही। भदोही जिले का नाम एक बार फिर से सीएम योगी आदित्यनाथ ने बदलने की घोषणा की है। अब जिले का नाम संत रविदास नगर भदोही होगा। मुख्यमंत्री कारपेट एक्सपो में शामिल होने पहुंचे थे, इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जिले का नाम संत रविदास के नाम पर करने की बात कही। भदोही जिले का नाम इसके गठन से लेकर अब तक पांच बार तक बदला जा चुका है। सियासत और सत्ता परिवर्तन के साथ इस जिले का नाम ‘भदोही’ और ‘संत रविदास नगर’ के बीच का बनता बिगड़ता रहा है।
दरअसल30 जून 1994 को मुलायम सिंह यादव की सपा सरकार ने वाराणसी से अलग करके पहली बार ‘भदोही’ नाम से जिला बनाया था। इसके बाद 4 दिसम्बर 1997 को मायावती की बसपा सरकार ने भदोही का नाम बदलकर ‘संत रविदास नगर’ कर दिया। इसके बाद 12 नवम्बर 1999 को भाजपा सरकार ने जनभावनाओं को देखते हुए दोनों नामों को मिला दिया और नया नाम ‘संत रविदास नगर भदोही’ कर दिया। इसके बाद जिले का नाम एक बार फिर बदला 6 दिसम्बर 2014 को तत्कालीन सपा सरकार के मुखिया अखिलेश यादव ने संयुक्त नाम से ‘संत रविदास नगर’ हटाकर इसका नाम पुनः ‘भदोही’ कर दिया था।














