ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। फिल्म ‘आर्टिकल 370’ को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में वर्ष 2024 की सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला है। वहीं, फिल्म ‘श्रीकांत’ को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार मिला और यामी गौतम को लीडिंग रोल में बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार दिया गया।
यामी गौतम ने ‘आर्टिकल 370’ में एनआईए अधिकारी जूनी हक्सर का किरदार निभाया है।
वहीं, ‘ब्रमायुगम’ के लिए ममूटी और ‘चंदू चैंपियन’ के लिए कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से लीडिंग रोल में ‘बेस्ट एक्टर’ का पुरस्कार दिया गया।
घोषित विजेताओं में तमिल फिल्म ‘रायन’ को सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म, ‘कमेटी कुर्रोल्लू’ को सर्वश्रेष्ठ तेलुगु , ‘लाहरी’ को सर्वश्रेष्ठ ओड़िया, ‘ मुक्क ाम पोस्ट बॉम्बिलवाड़ी’ को सर्वश्रेष्ठ मराठी और ‘सुनीता’ को सर्वश्रेष्ठ मणिपुरी फिल्म का पुरस्कार मिला। ‘कैप्टन मिलर’ और ‘मेय्याझगन’ को स्पेशल मेंशन से सम्मानित किया गया।
गैर-फीचर फिल्मों के विजेता
गैर-फीचर फिल्मों की श्रेणी में ‘भंगार (ऑब्सोलीट)’ को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म चुना गया। हिंदी फिल्म ‘मैं निदा’ को सर्वश्रेष्ठ कला एवं संस्कृति फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि ‘हमसफर’ को सर्वश्रेष्ठ शॉर्ट फिल्म का सम्मान दिया गया।
नेशनल फिल्म अवॉर्ड का इतिहास नेशनल अवॉर्ड की शुरुआत 1954 में हुई।
शुरुआत में इसका मुख्य उद्देश्य भारतीय सिनेमा को प्रोत्साहित करना और अलग-अलग भाषाओं की श्रेष्ठ फिल्मों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देना था। उस समय इसे ‘स्टेट अवॉर्ड फॉर फिल्म्स’ कहा जाता था।
शुरुआत में यह पुरस्कार सिर्फ बेस्ट फीचर फिल्म, बेस्ट डॉक्यूमेंट्री और बेस्ट बच्चों की फिल्म के लिए दिया जाता था। समय के साथ इसमें देशभर की अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों के लिए कैटेगरी जोड़ी गईं। 1968 में इनका नाम बदलकर ‘नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स’ कर दिया गया।













