गुलशन वर्मा
मुंबई। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें दुबई में हुए मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24.75 करोड़ रुपए में खरीदा। स्टार्क के लिए गुजरात ने भी आखिर तक बोली लगाई। सनराइजर्स हैदराबाद ने ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस को 20.50 करोड़ रुपए में खरीदा। हर्षल पटेल ऑक्शन के सबसे महंगे इंडियन प्लेयर बने। उन्हें 11.75 करोड़ में पंजाब किंग्स ने खरीदा।
न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 14 करोड़, वेस्टइंडीज के अल्जारी जोसेफ 11.50 करोड़ और ऑस्ट्रेलिया के स्पेंसर जॉनसन 10 करोड़ रुपए में बिके। पहली बार आईपीएल ऑक्शन को एक महिला (मल्लिका सागर) ने होस्ट किया। ऑक्शन में 10 टीमों ने 230.45 करोड़ रुपए में 72 प्लेयर्स खरीदे। इनमें 26 गेंदबाजों पर सबसे ज्यादा 90.05 करोड़ रुपए खर्च हुए। 30 विदेशी और 42 भारतीय खिलाड़ी बिके। भारतीयों में भी 34 अनकैप्ड खिलाड़ियों को टीमों ने खरीदा, जिनमें से 9 करोड़पति बन गए।
अभी दो स्क्वॉड खाली
8 घंटे लंबी नीलामी के बाद भी कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स का स्क्वॉड नहीं भर सका। केकेआर में 2 और आरआर में 3 प्लेयर्स की जगह खाली है।
8 ही विकेटकीपर बिके, कुमार कुशाग्र सबसे महंगे
10 टीमों ने 8 विकेटकीपर पर सबसे कम 13.35 करोड़ रुपए खर्च किए। इनमें भी अनकैप्ड कुमार कुशाग्र सबसे महंगे रहे, उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 7.20 करोड़ रुपए में खरीदा। विदेशियों में शाई होप को दिल्ली ने ही 75 लाख रुपए देकर स्क्वॉड का हिस्सा बनाया।
अनकैप्ड खिलाड़ियों का जलवा
13 बैटर्स पर 44.20 करोड़ रुपए खर्च किए गए। यहां भी अनकैप्ड खिलाड़ियों का जलवा रहा। समीर रिजवी सबसे महंगे रहे, उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ रुपए में खरीदा। विदेशियों में साउथ अफ्रीका के राइली रुसो को पंजाब किंग्स ने 8 करोड़ रुपए में स्क्वॉड का हिस्सा बनाया।
-26 गेंदबाजों पर 90.05 करोड़ खर्च हुए
– 30 विदेशी और 42 भारतीय खिलाड़ी बिके
विदेशियों का आधा पैसा ऑस्ट्रेलिया के 6 प्लेयर्स ले गए
ऑक्शन में 30 विदेशी खिलाड़ियों पर 151.10 करोड़ रुपए खर्च किए गए। इनमें करीब आधे रुपए (68.05 करोड़) ऑस्ट्रेलिया के 6 प्लेयर्स को खरीदने में चले गए। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के सबसे ज्यादा 6-6 खिलाड़ी बिके। इंग्लैंड के 6 प्लेयर्स पर 13.10 करोड़ रुपए खर्च हुए।
किसी के तीन किसी के चार खिलाड़ी बिके
ऑक्शन में वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के 4-4, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और अफगानिस्तान के 3-3 प्लेयर्स बिके। वहीं एक खिलाड़ी बांग्लादेश का भी बिका। इस बार किसी भी एसोसिएट प्लेयर का नंबर ऑक्शन में नहीं लगा।
42 भारतीय बिके 14 करोड़पति बने
आईपीएल में विदेशी खिलाड़ी सबसे महंगे बिकते हैं, लेकिन टूर्नामेंट की जान तो इंडियन प्लेयर ही रहते हैं। इस बार भी 42 भारतीय खिलाड़ियों पर 79.45 करोड़ रुपए खर्च किए गए। 14 प्लेयर करोड़पति बने, जिनमें 9 अनकैप्ड रहे। भारत के 34 अनकैप्ड खिलाड़ी बिके, इनमें 8.40 करोड़ रुपए के समीर रिजवी सबसे महंगे रहे, उन्हें सीएसके ने खरीदा।