ब्लिट्ज ब्यूरो
चेन्नई। तमिलनाडु उद्योग विभाग के एक बयान के अनुसार, दक्षिण कोरिया की दो ऑटोमोटिव कंपोनेंट निर्माता कंपनियां — ‘ ह्वाशिन ऑटोमोटिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘सियोन ई-ह्वा समिट ऑटोमोटिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ — अगले पांच वर्षों में तमिलनाडु में कुल ₹1,370 करोड़ का निवेश करने की योजना बना रही हैं।
राज्य सरकार की ओर से यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब हाल ही में मीडिया में ऐसी खबरें आई थीं कि हुंडई और किआ को पुर्जे सप्लाई करने वाली कंपनियां — ह्वाशिन और सियोन — अपने प्रस्तावित निवेश को तमिलनाडु से हटाकर आंध्र प्रदेश ले जा सकती हैं।
तमिलनाडु उद्योग विभाग ने एक बयान में कहा कि दोनों कंपनियों ने औपचारिक रूप से तमिलनाडु में अपने कामकाज का विस्तार जारी रखने की इच्छा जताई है। इससे राज्य के औद्योगिक इकोसिस्टम में उनका दीर्घकालिक भरोसा फिर से जाहिर होता है।
व्यापार विस्तार
इरुनगाट्टुकोट्टई में काम कर रही ‘ह्वाशिन’ अगले पांच वर्षों में लगभग ₹850 करोड़ का निवेश करने की योजना बना रही है। इस प्रस्तावित निवेश से रिसर्च और डेवलपमेंट, एडवांस मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी, लोकलाइजेशन (स्थानीय स्तर पर उत्पादन), क्षमता विस्तार और नए व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
‘सियोन ई-ह्वा समिट ऑटोमोटिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ ने 2027 से 2031 के बीच ₹520 करोड़ के निवेश की योजना बनाई है। यह निवेश तकनीकी प्रगति, मैन्युफैक्चरिंग सुविधाओं के आधुनिकीकरण और नए व्यावसायिक अवसरों के विकास पर केंद्रित होगा।
उद्योग मंत्री एस. कीर्तना ने एक बयान में कहा कि दोनों कंपनियों का यह प्रस्तावित निवेश इस बात का मजबूत प्रमाण है कि वैश्विक निर्माता कंपनियों का तमिलनाडु पर भरोसा लगातार बना हुआ है। सियोन ई-ह्वा समिट ऑटोमोटिव इंडिया के प्रबंध निदेशक येआ सुंगहो ने निवेश के संबंध में राज्य सरकार को लिखे एक पत्र में कहा, तमिलनाडु में हमारा कामकाज हुंडई मोटर लिमिटेड की बदलती जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाता रहेगा।














