कोलकाता। राज्य कैबिनेट की बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंज़ूरी दी गई है। कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम शुभेंदु अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। सीएम ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 14,454 नए पदों पर भर्ती का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे कैबिनेट ने अंतिम मंजूरी दे दी है। इनमें स्वास्थ्य विभाग, मास एजुकेशन व लाइब्रेरी विभाग, एमएसएमई विभाग, फायर विभाग तथा गृह विभाग शामिल हैं। शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “हमने राज्य में एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था और हम उसी लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं। 6 से 8 महीनों के भीतर परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी
उन्होंने आश्वासन दिया कि लोक सेवा आयोग (पीएससी) और राज्य पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ अगले 6 से 8 महीनों के भीतर परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली तृणमूल सरकार के दौरान ओबीसी प्रमाणपत्र से जुड़ी जटिलताओं और प्रशासनिक विफलता के कारण युवा नौकरी से वंचित हुए थे। अगर वह सरकार सत्ता में रहती तो राज्य में कभी भी नौकरियां नहीं मिलतीं। इस तरह से पिछली सरकार ने जटिलता उत्पन्न की थी। सिर्फ नई भर्तियों की घोषणा ही नहीं, बल्कि दुर्गापूजा से पहले राज्य सरकार के विभिन्न स्तरों के कर्मचारियों के भत्ते बढ़ाने और विद्यार्थियों के लिए विशेष सहायता देने का भी एलान किया गया है।
थानों को दी जाएंगी 450 गाड़ियां और मोटर साइकिल
राज्य में डायल 112 शुरू होने जा रहा है। इसके लिए ब्रिगेड मैदान में बड़ा कार्यक्रम आयोजन किया गया है। थानों को 450 गाड़ी और मोटर साइकिल दी जाएंगी। कहीं कोई घटना घटने पर तुरंत पहुंचने में ये गाड़ियां 112 के तहत जल्द से जल्द पहुंचेगी।
यूसीसी और ‘लव-लैंड जिहाद’ पर जल्द लाएंगे कानून
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि उनकी सरकार छह महीने के भीतर ‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ के खिलाफ कड़े कानून लाएगी तथा उत्तराखंड और गुजरात की तर्ज पर राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेगी। उनकी सरकार संविधान के अनुरूप काम करेगी, लेकिन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और मंदिरों-मठों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर समझौता नहीं करेगी। उन्होंने लोगों से एकजुट रहने और उनके शब्दों में ‘विभाजनकारी ताकतों’ के प्रति सतर्क रहने की अपील की।














