नई दिल्ली। सालों से यही माना जाता रहा है कि इंजीनियरिंग फील्ड में अच्छा करियर बनाना है तो आईआईटी-एनआईटी जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थान की डिग्री काफी काम आती है। इस सोच के पीछे इन संस्थानों के इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स को मिलने वाले लाखों-करोड़ों के पैकेज भी हैं जिनकी सक्सेस स्टोरी आए दिन सामने आती है। उधर शामली के रहने वाले 22 वर्षीय लावण्य जैन का दावा एक अलग तरह की कहानी बयां करता है।
‘मैं आईआईटी से नहीं हूं’
दरअसल, 22 साल के ग्रोथ मार्केटर लावण्य जैन ने X पर सैलरी क्रेडिट के स्क्रीनशॉट शेयर किया था। स्क्रीनशॉट में दो अलग-अलग पेमेंट दिखे- एक ₹3.74 लाख का और दूसरा ₹1.12 लाख का- जिससे कुल रकम ₹4.8 लाख हो गई। लावण्य ने यह भी दावा किया कि वह अभी कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर पार्ट-टाइम काम करते हुए साल में 100,000 डॉलर से ज्यादा (भारतीय रुपयों में लगभग 96 लाख रुपये से अधिक) कमाते हैं।
डिग्री पूरी होने से सिर्फ 2 महीने छोड़ी बीटेक
स्क्रीनशॉट शेयर करने के साथ-साथ, जैन ने अपनी पढ़ाई-लिखाई के बारे में भी बताया। उन्होंने पोस्ट में लिखा था, ‘मैं आईआईटी से नहीं हूं। असल में, मैंने इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में अपने बीटेक के आखिरी सेमेस्टर में पढ़ाई छोड़ दी थी। मुझे लगता है कि यह मेरी जिंदगी के सबसे अच्छे फैसलों में से एक था।’
यहां से की है पढ़ाई
लिंक्डइन प्रोफाइल में दी गई जानकारी के अनुसार, लावण्या जैन उत्तर प्रदेश के शामिल जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी 10वीं और 12वीं की पढ़ाई शामली के प्राइवेट स्कूल से पूरी की है। उन्होंने 12वीं क्लास में 95.4% प्राप्त किए थे।
इसके बाद उन्होंने, जेपी इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (जेआईआईटी), नोएडा से इलेक्ट्रॉनिक में बीटेक की पढ़ाई शुरू की। लेकिन एक्स पोस्ट के दावा के अनुसार, उन्होंने बीटेक की डिग्री पूरी होने से ठीक 2 महीने पहले कॉलेज छोड़ दिया था।
मां को नहीं पता था- छोड़ दी पढ़ाई
एक पोस्ट में लावण्य ने बताया कि उनकी मां को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि उन्होंने पढ़ाई छोड़ी दी है। उन्हें सोशल मीडिया पोस्ट से पता चला। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘मेरी मां को पता ही नहीं था कि मैंने पढ़ाई छोड़ दी है। लेकिन उन्होंने मुझे डांटा नहीं। उन्होंने हर रिश्तेदार को फोन किया और गर्व से उन्हें यह बात बताई। उस फोन कॉल की अहमियत कहीं ज्यादा थी।’
5 तरह से पैसिव इनकम का दावा
लावण्य जैन का दावा है कि वह कमाई के लिए सिर्फ एक जरिये पर निर्भर नहीं हैं। उनके मुताबिक, उन्होंने अपने मुख्य काम के साथ-साथ पैसिव इनकम के पांच जरिये बनाए हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा था, ‘मेरे पास पैसिव इनकम के 5 जरिये हैं, और मेरी मेन इनकम मेरे सभी खर्चों को पूरा करती है।’
लावण्य जैन की कमाई का जरिया
लिंक्डइन प्रोफाइल में दी गई जानकारी से पता चलता है कि लावण्य टेक और स्टार्टअप्स और मार्केटिंग स्ट्रैटेजिस्ट के रूप में काम करते हैं। वर्तमान में वह फिनटेक/स्टार्टअप फोल्ड में हेड ऑफ ग्रोथ के पद पर कार्यरत हैं।
इसके अलावा, ऑर्गेनिक मार्केटिंग, ग्रोथ, इंफ्लुएंसर मार्केटिंग और जीटीएम प्लानिंग्स पर काम करके अच्छी खासी कमाई कर लेते हैं। इससे पहले उन्होंने कैरोज कंप्यूटर, सोशल कैपिटल इंक और रुनेबल जैसे स्टार्टअप्स में ग्रोथ और डेवलेपर रिलेशंस के तौर पर काम किया है।














