नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने स्पष्ट किया है कि ब्रिक्स संगठन दुनिया के किसी भी देश के खिलाफ नहीं है और रूस पूरी दुनिया के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। उन्होंने पश्चिमी देशों की ओर से रूस पर लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों की कड़ी आलोचना की। ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा, हम किसी के खिलाफ काम नहीं कर रहे। हम अपने लिए, अपने हितों के लिए हैं और सभी साझेदारों के साथ सहयोग के लिए तैयार हैं।
पुतिन ने ऊर्जा व खाद्य सुरक्षा, नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर और आर्कटिक परिवहन मार्गों के विकास के साथ स्मार्ट तकनीक और मानवरहित परिवहन में सहयोग बढ़ाने की बात कही।
नए आर्थिक केंद्र उभर रहे रूसी
राष्ट्रपति ने कहा कि पारंपरिक आर्थिक केंद्रों की जगह अब नए आर्थिक केंद्र उभर रहे हैं। उन्होंने ब्रिक्स देशों से व्यावहारिक कारोबारी सहयोग बढ़ाने और कंपनियों के लिए नए साझेदार तलाशने का आह्वान किया। उन्होंने न्यू डेवलपमेंट बैंक के जरिये निजी निवेश जुटाने और ब्रिक्स देशों की अर्थव्यवस्था को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने पर बल दिया। पुतिन ने स्पष्ट किया कि ब्रिक्स अपने आर्थिक हितों को आगे बढ़ाने का माध्यम है, न कि दुनिया से अलग-थलग होने का जरिया।














