बिहारशरीफ। नालंदा विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय अकादमिक साझेदारी के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शैक्षणिक, शोध और ज्ञान सहयोग को मजबूत करने के लिए नालंदा विश्वविद्यालय और द यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया (यूडब्ल्यूए) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। मुंबई में आयोजित 10वें वार्षिक कॉन्फ्रेंस एंड एक्सपो के दौरान दोनों संस्थानों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
एमओयू के तहत दोनों विश्वविद्यालय संयुक्त शोध परियोजनाओं, शिक्षण कार्यक्रमों और अकादमिक सम्मेलनों में सहयोग करेंगे। शिक्षक और छात्रों के आदान-प्रदान का रास्ता भी खुलेगा। दोनों संस्थान अकादमिक संसाधनों और विशेषज्ञता को साझा करेंगे। इससे विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अध्ययन और शोध के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।














