ब्लिट्ज ब्यूरो
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन शुरू होने से हाईवे पर भी यातायात सुगम हुआ है। न तो टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी लाइन लगी और न ही किसी जगह जाम। हालांकि हाईवे पर वाहनों की संख्या कम होने से टोल टैक्स की वसूली में कमी आई है। नवाबगंज टोल प्लाजा के आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे में वाहनों की संख्या में 8500 की कमी आई है। इस टोल प्लाजा से इससे पहले हर 24 घंटे में छोटे-बड़े 28 हजार वाहन निकल रहे थे जो घटकर करीब 20 हजार रह गए हैं।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का विगत दिवस लोकार्पण होने के बाद इसे यातायात के लिए खोल दिया गया था। जाम से छुटकारा, ईंन्धन व समय की बचत के साथ ही हाईस्पीड के कारण कार-जीप और अन्य हल्के वाहन एक्सप्रेसवे से निकल रहे हैं। एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू होने से हाईवे पर 24 घंटे में ही 7500 छोटे और 1000 बड़े वाहनों के आवागमन में कमी आई है जबकि हाईवे के टोल प्लाजा से पहले 24 घंटे में औसतन 18 हजार हल्के व चार पहिया वाहन और 10 हजार भारी वाहन निकलते रहे हैं। मंगलवार सुबह आठ से बुधवार सुबह आठ बजे तक हाईवे के टोल प्लाजा से 10500 हल्के और 9000 भारी वाहन निकले।











