ब्लिट्ज ब्यूरो
बड़ौत। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के तहत जिले में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने बड़ौत स्थित बाबा शाहमल स्टेडियम में पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। वहीं वन, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन एवं उद्यान राज्यमंत्री केपी मलिक ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के किनारे आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर 501 पौधों का रोपण कराया। अभियान के तहत जिले के 3 हजार 353 स्थलों पर 45 प्रजातियों के करीब 15 लाख पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन
नगर पालिका बड़ौत द्वारा बाबा शाहमल स्टेडियम में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कराया। इसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। उनके साथ सांसद राजकुमार सांगवान, विधायक डॉ. अजय कुमार, चेयरमैन बबीता तोमर व डीएम अस्मिता लाल ने भी पौधरोपण किया। पौधरोपण कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।











