ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत से नेपाल के पूर्वी सीमावर्ती शहर विराटनगर के लिए सीधी रेल मालगाड़ी सेवा शुरू हो गई है। विगत दिवस कोलकाता पोर्ट से पहली मालगाड़ी 40 कंटेनर सरसों लेकर विराटनगर के बुढ़ानगर स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर पहुंची। तीन साल पहले शुरू हुई इस रेल कार्गो सेवा के तहत पहली बार कोलकाता से सीधे विराटनगर तक मालगाड़ी पहुंची है। पारगमन समझौते के तहत भारत ने नेपाल को तीसरे देशों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए अपने रेल, सड़क और जल नेटवर्क के इस्तेमाल की अनुमति दी है। इससे पहले केवल बीरगंज ही ऐसा सीमा बिंदु था, जहां तीसरे देशों से आयातित सामान रेल कार्गो से पहुंचता था।
अब समय और लागत में होगी बचत
सुरक्षित परिवहन के लिए कंटेनरों में इलेक्ट्रॉनिक कार्गो ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है। यह सेवा नेपाली महावाणिज्य दूतावास (कोलकाता), कोलकाता सीमा शुल्क व पोर्ट और भारतीय कंटेनर निगम लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से शुरू हुई है। इस विस्तार पर प्रतिक्रिया देते हुए विराटनगर स्थित मोरंग उद्योग संघ के अध्यक्ष नंदू राठी ने कहा कि इससे पूर्वी क्षेत्र के उद्योगपतियों और आयातकों को बड़ी राहत मिली है।











