ब्लिट्ज ब्यूरो
पटना। बिहार से एमबीबीएस करना चाह रहे नीट यूजी छात्रों के लिए खुशखबरी है। नेशनल मेडिकल कमीशन ने नालंदा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए 50 सीटों की बढ़ोतरी की गयी। एनएमसीएच में अब 200 सीटों पर एमबीबीएस यूजी स्नातक पर नामांकन लिया जाएगा। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रो. उषा कुमारी ने बताया कि वर्ष 2026-27 से कॉलेज में 150 से बढ़ कर 200 सीटों पर नामांकन होगा। इसके लिए एनएमसी की ओर से मंजूरी दी गयी है। प्राचार्या ने इस उपलब्धि को अस्पताल के अधीक्षक, विभागाध्यक्ष, चिकित्सक, सीनियर रेजिडेंट्स, पीजी स्टूडेंट, नर्सिंग स्टाफ, प्रशासनिक कर्मचारियों के सतत प्रयास का परिणाम बताते हुए कहा कि टीम वर्क से यह सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी के साथ बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है। एनएमसीएच परिवार समर्पण और टीम भावना के साथ आगे भी चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छूने का प्रयास करेगा।
श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज में अब 150 सीटों पर एमबीबीएस में दाखिला
श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज में नये सत्र से 120 की जगह 150 सीटों पर दाखिला होगा। नेशनल मेडिकल कमीशन ने कॉलेज को सीट बढ़ाने का पत्र भेज दिया है। इसकी जानकारी प्राचार्य प्रो डॉ कुमारी विभा ने दी। उन्होंने बताया कि कालेज के लिए यह गौरव की बात है। सीट बढ़ने पर कॉलेज में एनएमसी के नोडल अफसर डॉ सुशांत शर्मा ने भी खुशी जताई है। नेशनल मेडिकल कमीशन की टीम ने पिछले दिनों का निरीक्षण किया था। यह निरीक्षण सीट बढ़ाने को लेकर था। प्राचार्य ने बताया कि नेशनल मेडिकल कमीशन ने निरीक्षण के बाद सीट बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सत्र 2026-27 से 150 सीटों पर दाखिला लिया जाएगा।
प्राचार्य ने बताया कि सीट बढ़ने से अधिक छात्रों को फायदा होगा। एमबीबीएस के साथ पीजी की सीटें बढ़ाने के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही पीजी के लिए भी एनएमसी की टीम आने वाली है। उम्मीद है कि पीजी की सीट भी बढ़ायी जाएंगी। एसकेएमसीएच में पीडिया, पीएसएम, फार्मा जैसे विषयों में पीजी की सीटें बढ़ने वाली है।














