ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली (एयूडी) में स्नातक (यूजी) दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय इस वर्ष 1,194 सीटों पर प्रवेश देगा। छात्र कश्मीरी गेट, करमपुरा और कुतुब संस्थागत क्षेत्र परिसर में कुल 23 स्नातक पाठ्यक्रमों में आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश सीयूईटी-यूजी के अंकों के आधार पर किए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से कहा कि वे प्रवेश के लिए एयूडी के सीयूईटी (यूजी) पोर्टल पर पंजीकरण करें और आवेदन करने से पहले संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता, प्रवेश दिशा-निर्देश, आरक्षण नीति, शुल्क संरचना और तिथियों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें। अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार न करने और समय रहते आवेदन करने की सलाह दी है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय तीन वर्षीय और चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश देगा। ज्ञात हो कि यहां पर 85 फीसदी सीटें दिल्ली के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी नई अधिसूचनाओं और अपडेट के लिए अभ्यर्थी नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।
प्रवेश से संबंधित किसी भी सहायता के लिए अभ्यर्थी admissions@aud. ac.in पर मेल कर सकते हैं। इसके अलावा 9818911121 हेल्पलाइन नंबर पर सोमवार से शुक्रवार, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। प्रवेश संबंधी सभी अधिसूचनाएं और आवेदन की सुविधा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट aud.delhi.gov.in पर उपलब्ध है।
इन बातों का ध्यान रखें
आवेदन केवल सीयूईटी-यूजी आवेदन संख्या के माध्यम से ही पंजीकृत किया जा सकता है।
आवेदन पत्र में नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण सीयूईटी आवेदन पत्र के अनुरूप ही होने चाहिए।
फोटो और हस्ताक्षर जेपीजी/जेपीईजी प्रारूप में निर्धारित आकार सीमा के भीतर अपलोड करने होंगे।
शैक्षणिक दस्तावेज, प्रमाणपत्र और अंकतालिकाएं निर्धारित आकार सीमा के भीतर स्कैन करके अपलोड करनी होंगी।














