ब्लिट्ज ब्यूरो
जयपुर। राजस्थान बोर्ड के लाखों छात्रों को इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। जिस फरवरी महीने में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू होने वाली थीं, अब उस दौरान एग्जाम नहीं होंगे। इसकी वजह देशभर में होने वाली जनगणना है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर ने जनगणना के चलते फरवरी 2027 में बोर्ड परीक्षाएं नहीं कराने का फैसला किया है।
बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए इसकी जानकारी दी है। इससे पहले बोर्ड ने आगामी परीक्षाओं के लिए 16 फरवरी 2027 से एग्जाम शुरू करने की तारीख घोषित की थी। लेकिन अब फरवरी में परीक्षाएं नहीं कराने का फैसला लिया गया है। दरअसल, देश में जनगणना 2027 का दूसरा चरण 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। इसी अवधि में राजस्थान बोर्ड की परीक्षाएं भी होनी थीं। जनगणना से जुड़े काम और कर्मचारियों की ड्यूटी को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया है।
अभी नई डेटशीट का एलान नहीं
बोर्ड ने फिलहाल परीक्षाओं की नई तारीखों का ऐलान नहीं किया है। यह भी साफ नहीं है कि परीक्षाएं मार्च में कराई जाएंगी या फिर परीक्षा कार्यक्रम में कोई और बदलाव होगा। ऐसे में 10वीं और 12वीं के छात्रों को नई डेटशीट जारी होने का इंतजार करना होगा। आधिकारिक टाइमटेबल जारी होते ही छात्र आरबीएसई की वेबसाइट पर देख सकेंगे।














