ब्लिट्ज ब्यूरो
वाशिंगटन। ट्रंप प्रशासन की सख्त आव्रजन (इमिग्रेशन) नीतियों और भविष्य में नौकरी को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के कारण अमेरिकी विश्वविद्यालयों में नए विदेशी छात्रों के दाखिले में लगातार दूसरे साल भारी गिरावट दर्ज की गई है।
इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन द्वारा 800 से अधिक विश्वविद्यालयों पर किए गए ताजा सर्वेक्षण के अनुसार, इस सत्र में नए विदेशी छात्रों के दाखिले में 15% की कमी आई है, जबकि पिछले साल यह गिरावट 18 प्रतिशत थी। पुराने छात्रों की मिलाकर कुल विदेशी छात्रों की संख्या में 9% की गिरावट देखी गई है। ‘अमेरिकन काउंसिल ऑन एजुकेशन के अध्यक्ष टेड मिशेल ने इसे ‘ऐतिहासिक गिरावट’ बताते हुए चिंता जताई है कि कई छात्र जोखिम के कारण बीच में ही पढ़ाई छोड़कर वापस नहीं लौट रहे हैं।
वीजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि मास्टर्स डिग्री के वीजा में 15% की कमी आई है, हालांकि बैचलर डिग्री के वीजा स्थिर हैं और पीएचडी वीजा में 6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
इस गिरावट का सीधा असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था और कॉलेजों के बजट पर पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय शिक्षा समूह मापसा के अनुसार, इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को करीब 20 हजार करोड़ रुपये के राजस्व और 31,000 नौकरियों का नुकसान होगा। आर्थिक तंगी के कारण यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सास लगभग 70 कार्यक्रमों को बंद या विलय कर रही है।














