ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। विदेश से एमबीबीएस की पढ़ाई करके भारत लौटने वाले मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स (एफएमजी) को इंटर्नशिप के दौरान भारतीय मेडिकल ग्रेजुएट्स (आईएमजी) के बराबर स्टाइपेंड देने की मंजूरी दे दी है। अब विदेश से मेडिकल की पढ़ाई पूरी करके भारत में इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को भी उतना ही स्टाइपेंड मिलेगा, जितना भारत के मेडिकल कॉलेजों से एमबीबीएस करने वाले छात्रों को दिया जाता है। इस संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीटीएचएस) ने आदेश जारी किया है। विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स इंटर्न को भारतीय मेडिकल ग्रेजुएट्स के बराबर स्टाइपेंड दिया जाएगा। यह मंजूरी सक्षम प्राधिकारी की ओर से दी गई है।
कम स्टाइपेंड मिलने की शिकायत थी
दरअसल, विदेश से एमबीबीएस करने के बाद भारत में इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को कई संस्थानों में भारतीय मेडिकल छात्रों की तुलना में काफी कम स्टाइपेंड मिलता था। इस वजह से विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स लंबे समय से समान स्टाइपेड की मांग उठा रहे थे। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन के संस्थापक डॉ. रोहन कृष्ण ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे बेहद अच्छा और जरूरी कदम बताया। डॉ. रोहन कृष्ण का कहना है कि अब तक विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स को बहुत कम पैसा मिलता था। कई मामलों में उन्हें न्यूनतम भुगतान तक नही कियाजाता था।














