ब्लिट्ज ब्यूरो
वाशिंगटन। अमेरिका में एक बार फिर भारतीय स्टूडेंट्स ने चीन के छात्रों को पीछे छोड़ दिया है। अब आप सोच रहे होंगे कि भारतीयों ने चीन को किस मामले में पछाड़ दिया है। दरअसल, इंटरनेशनल एजुकेशनल एक्सचेंज को लेकर ओपन डोर्स 2026 की रिपोर्ट जारी हो चुकी है। इसमें बताया गया है कि 2025-26 में लगातार तीसरे साल भारत अमेरिका में विदेशी छात्रों का सबसे बड़ा सोर्स बना रहा। हालांकि भारतीय छात्रों की संख्या में साल-दर-साल 6% की गिरावट आई और यह संख्या 3,39,435 रही।
आसान भाषा में कहें तो अमेरिका में विदेशी स्टूडेंट्स की टोटल संख्या में सबसे ज्यादा भारतीय हैं। पहले ये स्थान चीन के पास था। रिपोर्ट में बताया गया है कि भारतीय स्टूडेंट्स की संख्या भी कम हुई है। इसकी वजह से पोस्ट ग्रेजुएट एडमिशन में भारी कमी आई है, जो 34% घटकर 1,16,609 रह गई। अंडरग्रेजुएट कोर्सेज में एडमिशन में 1% की कमी आई और यह 39,711 रह गए। हालांकि, ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (ओपीकी) में हिस्सा लेने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 27% बढ़कर 1,82,201 हो गई।
ओपन डोर्स रिपोर्ट की जरूरी बातें
अमेरिका में विदेशी छात्रों को भेजने वाले देशों की लिस्ट में चीन दूसरे नंबर पर बना हुआ है वहां के स्टूडेंट्स की संख्या में भी 4% की गिरावट आई है और यह 2,54,458 रह गई है।
2025/26 में 200 से ज्यादा देशों के कुल 11,46,163 विदेशी छात्रों ने अमेरिकी कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज में एडमिशन लिया, जो पिछले अकेडमिक ईयर की तुलना में 3% कम है।
अमेरिका के हायर एजुकेशन सेक्टर में विदेशी स्टूडेंट्स की हिस्सेदारी 6% रही। नए विदेशी स्टूडेंट्स के एडमिशन कम हुए हैं। इसमें 18% की गिरावट आई है और यह संख्या 2,28,123 रह गई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि विदेशी छात्रों के एडमिशन की वजह से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लगभग 56 अरब डॉलर का योगदान मिला है।
पोस्ट ग्रेजुएट एडमिशन में 13% की कमी आई है। इसके बाद भी पोस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट्स 4,23,078 की संख्या के साथ विदेशी स्टूडेंट्स का सबसे बड़ा सोर्स हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, सभी देशों के छात्रों को मिलाकर ‘ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग’ (ओटीपी) में हिस्सा लेने वालों की संख्या 14% बढ़कर 3,35,785 हो गई है।
ओपन डोर्स रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमेटिक्स (एसटीईएम) कोर्सेज सबसे ज्यादा पॉपुलर हैं। विदेशी स्टूडेंट्स के बीच एसटीईएम की पॉपुलैरिटी बनी हुई है। टोटल विदेशी छात्रों में से 57% एसटीईएम कोर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा 2,86,168 एडमिशन मैथ्स और कंप्यूटर साइंस में हुए, जिसके बाद 2,14,193 छात्रों के साथ इंजीनियरिंग दूसरे नंबर पर रहा।
अमेरिका छात्र भेजने वाले टॉप 25 देशों में से 9 देशों ने अब तक की सबसे अधिक संख्या दर्ज की है। इन देशों में बांग्लादेश, कनाडा, कोलंबिया, घाना, इटली, नेपाल, पाकिस्तान, पेरू और वियतनाम शामिल हैं।














