ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। देश के शेयर बाजारों को लेकर वैश्विक ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली ने बेहद सकारात्मक और उत्साहजनक अनुमान लगाया है। मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि भारतीय शेयर बाजार अब एक मजबूत री-रेटिंग का हकदार है। मॉर्गन स्टेनली के बेस-केस सिनेरियो (परिदृश्य), जिसकी संभावना 50 फीसदी है, के अनुसार बीएसई सेंसेक्स दिसंबर 2027 तक 95,000 के ऐतिहासिक आंकड़े को छू सकता है। यह इसके मौजूदा स्तरों से करीब 16 फीसदी अधिक होगा।
मॉर्गन स्टेनली के भारत के मुख्य इक्विटी रणनीतिकार रिदम देसाई और नयन पारेख की एक साझा रिपोर्ट में कहा गया है कि 95,000 के इस लक्ष्य का मतलब होगा कि सेंसेक्स का ट्रेलिंग प्राइस अर्निंग्स मल्टीपल 23 गुना होगा। यह इसके 25 साल के ऐतिहासिक औसत (22) गुना) से थोड़ा ऊपर है। ट्रेलिंग प्राइस-अर्निंग्स, शेयर बाजार का मूल्यांकन अनुपात है। यह बताता है कि निवेशक किसी कंपनी के पिछले 12 महीनों की वास्तविक कमाई के हर 1 रुपये के बदले उस कंपनी के शेयर के लिए कितने रुपये देने को तैयार है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ऐतिहासिक औसत से ऊपर का यह प्रीमियम इस बात को दर्शाता है कि वैश्विक निवेशकों का भारत के मध्यम अवधि के ग्रोथ साइकिल, कम बीटा, उच्च टर्मिनल ग्रोथ रेट और एक स्थिर व अनुमानित नीतिगत माहौल पर भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक, दिसंबर 2027 तक सेंसेक्स 1,05,000 के स्तर को सकता है। गिरावट आने पर यह 68,000 के स्तर तक आ सकता है। हालांकि इसी संभावना 20% है।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी से शेयर बाजार में तेजी
नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में तेजी रही। मानक सूचकांक सेंसेक्स 512 अंक बढ़कर बंद हुआ जबकि निफ्टी बढ़त के साथ 25,300 अंक के करीब पहुंच गया। वित्तीय, एफएमसीजी और तेल एवं गैस कंपनियों के शेयरों में खरीदारी, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को समर्थन मिला। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 512.34 अंक यानी 0.63 फीसदी की बढ़त के साथ 82,104.79 अंक पर बंद हुआ।














