ब्लिट्ज ब्यूरो
मनीला (फिलिपींस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साउथ-ईस्ट एशिया के 11 देशों के संगठन आसियान के नेताओं से कहा कि भारत स्वतंत्र, समावेशी और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विश्वास रखता है। क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों पर चिंताओं के बीच मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र का भविष्य ‘कॉम्पिटिशन से नहीं, कोऑपरेशन में है।’
‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ ने रिश्तों को नई गति दी
23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में मोदी ने भारत की रणनीतिक साझेदारी को अहम बताया और कहा कि भारत की एक्ट इंस्ट पॉलिसी ने रिश्तों को नई गति दी है।
पीएम ने कहा कि आज दुनिया को सबसे ज्यादा जरूरत शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल की है। भारत और आसियान मिलकर दुनिया की एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए जरूरी है कि हमारा भविष्य कॉम्पिटिशन से नहीं, बल्कि सहयोग से तय हो। हमारे पास इसे हासिल करने की क्षमता भी है और साझा संकल्प भी। हम मिलकर इस क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं।

फ्री ई-वीजा समेत सहयोग के 9 प्रस्ताव
मुफ्त ई-वीजाः आसियान देशों के टूरिस्टों को भारत आने के लिए मुफ्त ई-वीजा देंगे।
समुद्री सहयोगः समुद्र के रास्ते व्यापार और आवाजाही बढ़ाने, समुद्री रिसर्च, तटरक्षक बलों में तालमेल, नाविकों की सुरक्षा के लिए मिलकर काम की योजना।
साइबर ट्रेनिंगः साइबर क्राइम की जांच में डिजिटल सबूत जुटाने के लिए साझा साइबर फाॅरेंसिक ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करेंगे।
ऊर्जा से जुड़ी तकनीक व जानकारी साझा करने के लिए तकनीकी आदान-प्रदान।
स्पेस हैकथॉनः अंतरिक्ष तकनीक और उससे जुड़ी खोजों को बढ़ावा देने के लिए आसियान-भारत स्पेस हैकथॉन करेंगे।
क्रिटिकल मिनरल्स की खोज, खनन और तकनीक पर मिलकर काम करेंगे।
युवा संपर्क कार्यक्रमः युवा सम्मेलन, युवा सांसदों के बीच बातचीत और स्टार्टअप हैकथॉन जैसे इवेंट करवाएंगे।
आसियान देशों के छात्रों को नालंदा विवि में पढ़ने के लिए आर्थिक मदद देंगे।
क्रिएटिव पार्टनरशिप: 2027 में वर्ल्ड ऑडियो विजुअल पेड एंटरटेनमेंट समिट में आसियान-भारत क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन बनेगा।














