काहिरा। भारत और अमेरिका के बीच होने वाली ट्रेड डील में भारतीय सामान को खास फायदा मिल सकता है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दोनों देश इस बात पर पहले ही सहमत हो चुके हैं कि भारत को अमेरिकी बाजार में दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम आयात शुल्क यानी टैरिफ का लाभ मिलेगा। इससे भारतीय सामान अमेरिका में ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो सकेगा।
पीयूष गोयल दो दिन की मिस्र यात्रा पर थे। काहिरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर यह जानकारी दी। भारत और मिस्र ने घोषणा की कि दोनों देशों के अधिकारी एक संभावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए ‘टर्म्स ऑफ रेफरेंस’ (टीओआर) को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि स्थानीय मुद्राओं में व्यापार को बढ़ावा देने से आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी और कारोबार करने की लागत कम होगी।
‘जॉइंट ट्रेड कमिटी’ (संयुक्त व्यापार समिति) की बैठक में गोयल ने कहा, ‘मैं इस घोषणा का स्वागत करता हूं। वाणिज्य मंत्रालय की संयुक्त सचिव पेटल ढिल्लों के नेतृत्व में हमारी टीमें मिस्र की टीम के साथ मिलकर एक तय समय-सीमा के भीतर ‘टर्म्स ऑफ रेफरेस’ पर काम करेंगी। इससे हमारे आर्थिक संबंध एक नए स्तर पर पहुंच सकते हैं चाहे वह व्यापार हो, निवेश हो या शिक्षा जैसे कई अन्य क्षेत्रों में एक व्यापक साझेदारी हो।’
मिस्र की ओर से बैठक की अध्यक्षता वहां के निवेश और विदेश व्यापार मंत्री मोहम्मद फरीद सालेह ने की। ‘टर्म्स ऑफ रेफरेंस’ किसी व्यापार समझौते पर औपचारिक बातचीत के लिए एक रूपरेखा या आधार होते है।














