ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। स्कूलों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स और उनके पैरेंट्स के लिए तीन भाषाओं के नियम को लेकर बड़ी राहत की खबर है। नए सत्र में भाषा के विकल्पों को लेकर कई स्कूलों और परिवारों के बीच असमंजस बना हुआ था। अब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में स्थिति साफ कर दी। कोर्ट ने कहा है कि स्टूडेंट्स ने पहले से जिन भाषाओं को चुना है, उन्हें बीच सत्र में बदलने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। इस फैसले से कक्षा 6 से 9 तक के स्टूडेंट्स को राहत मिली है।
सुप्रीम कोर्ट ने 25 नवंबर 2026 को सीबीएसई की तीन भाषा नीति से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान साफ किया कि जिन स्टूडेंट्स ने पहले ही तीन भाषाएं चुन ली हैं, वे उन्हीं के साथ पढ़ाई जारी रख सकते हैं। वहीं, जिन स्टूडेंट्स को फिलहाल दो भाषाओं के साथ पढ़ाई जारी रखने की छूट मिली है, उन्हें भी बीच सत्र में तीसरी भाषा चुनने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने कहा कि स्कूल अपने स्तर पर आदेश की ऐसी व्याख्या न करें, जिससे स्टूडेंट्स को पहले से चुने गए भाषा विकल्प बदलने पड़ें।
किन क्लास में मिलेगी राहत?
इस फैसले का असर सीबीएसई से जुड़े कक्षा 6, 7, 8 और 9 के स्टूडेंट्स पर पड़ेगा। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि जिन बच्चों ने दो भाषाएं चुनी हैं, वे फिलहाल दो भाषाओं के साथ पढ़ाई जारी रख सकते हैं। वहीं, तीन भाषाएं चुनने वाले स्टूडेंट्स को भी अपना विकल्प बदलने की जरूरत नहीं है। इसका मकसद सत्र के बीच में बच्चों पर अचानक भाषा बदलने का दबाव रोकना है। इससे पैरेंट्स और स्कूलों के बीच बनी असमंजस की स्थिति भी कम होगी।
तीसरी भाषा की परीक्षा का नियम?
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि कक्षा 6 से 9 तक तीसरी भाषा के लिए फिलहाल अलग से अनिवार्य सीबीएसई बोर्ड परीक्षा नहीं होगी। तीसरी भाषा का असेसमेंट स्कूल अपने स्तर पर करेंगे। इस असेसमेंट के नंबर स्टूडेंट्स के फाइनल बोर्ड परीक्षा रिजल्ट को प्रभावित नहीं करेंगे।
तीन भाषा नीति के तहत कम से कम दो भाषाएं भारतीय भाषाएं होनी चाहिए। हालांकि, मौजूदा व्यवस्था में मिली छूट के तहत स्टूडेंट्स अपनी पहले से चुनी गई भाषा के विकल्प जारी रख सकेंगे। इस फैसले से पैरेंट्स को अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर राहत मिलेगी। अब स्कूलों को यह ध्यान रखना होगा कि किसी स्टूडेंट पर बीच सत्र में भाषा बदलने का दबाव न बनाया जाए।














