चेन्नई। यात्रियों के फीडबैक को देखते हुए चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड फेज-2 ‘येलो लाइन’ पर अपनी सेवाएं अब सुबह 6 बजे से शुरू करेगा। पूनामल्ली बाईपास और वडापलानी के बीच 15 किमी लंबे कॉरिडोर-4 पर ट्रेनें दोनों दिशाओं में सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक चलेंगी।
अभी ये सेवाएं सुबह 7 बजे शुरू होती हैं। समय में किए गए इस बदलाव का मकसद वडापलानी और पूनामल्ली की ओर सुबह जल्दी यात्रा करने वालों के लिए सफर को और सुविधाजनक बनाना है।
सोमवार से शनिवार तक, पीक आवर्स (सुबह 8 से 11 बजे और शाम 5 से 8 बजे) के दौरान ट्रेनें हर 10 मिनट में चलेंगी। नॉन-पीक आवर्स के दौरान—सुबह 6 से 8 बजे, सुबह 11 से शाम 5 बजे, और रात 8 से 9 बजे—ट्रेनें हर 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी।














