ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।रक्षा मंत्रालय ने भारतीय वायुसेना और नौसेना की क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 4,106 करोड़ रुपए के दो रक्षा करार किए हैं। इनमें वायुसेना के लिए संचार उपग्रह और नौसेना के लिए पनडुब्बी रोधी टॉरपीडो की खरीद शामिल है।
न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड के साथ करार
मंत्रालय ने न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) के साथ जीसैट-7 सी संचार उपग्रह के लिए 2,563 करोड़ रुपए का करार किया। स्वदेशी रूप से विकसित इस उपग्रह से वायुसेना के विमानों और अन्य संसाधनों के बीच सुरक्षित और बेहतर संचार व्यवस्था मजबूत होगी।
भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) के साथ 1,543 करोड़ रुपए का करार किया गया। इसके तहत नौसेना के लिए स्वदेशी वरुणास्त्र हेवी वेट टॉरपीडो खरीदे जाएंगे। इन्हें जहाज से दागकर दुश्मन की पनडुब्बियों को निशाना बनाया जा सकता है। इससे नौसेना की पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता बढ़ेगी।














