ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।केंद्र सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए संयुक्त सचिव और इसके समकक्ष स्तर के 27 अधिकारियों की नई पोस्टिंग को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) द्वारा ली गई इस मंजूरी से संबंधित आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। इस पुनर्गठन सूची में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 13 अधिकारियों के अलावा अन्य केंद्रीय सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
नवीनतम फेरबदल के तहत त्रिपुरा कैडर के आईएएस अधिकारी बृजेश पांडे को पूंजी विकास विभाग का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है, जहां वे आगामी 5 वर्षों तक इस पद का दायित्व संभालेंगे। इसके अलावा, मध्य प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी तन्वी सुंदरियाल को कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव पद की कमान सौंपी गई है, जहां वे अगस्त 2030 तक अपनी सेवाएं देंगी। इससे पहले यह पद राहुल जैन संभाल रहे थे। वहीं, संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव पद पर इंद्रजीत सिंह की तैनाती की गई है।
गृह और शहरी विकास मंत्रालय में नई जिम्मेदारियां
शहरी विकास विभाग में उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी मनीष त्रिघाटिया को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पदों पर आईएएस अधिकारी रवि शंकर, आईआरएस अधिकारी चितरंजन दास, आईएसएस अधिकारी पी मनोज कुमार और आईएएस अधिकारी अभिषेक भागोतिया की नई नियुक्तियां की गई हैं।
इन्हें बनाया गया उप चुनाव आयुक्त
राजस्थान कैडर और बैच 2010 के आईएएस अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित को उपचुनाव आयुक्त, ईसीआई पद पर नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 5 साल का होगा पहले इस पद की जिम्मेदारी संजय कुमार संभाल रहे थे।
इन आईएएस अफसरों को भी नया पदभार मिला
पश्चिम बंगाल कैडर के आईएएस अधिकारी सी. मरुगन को सड़क परिवहन और राजमार्ग के संयुक्त सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी रामचंदरुडु को अल्पसंख्यक मामले के मंत्रालय पद पर नियुक्त किया गया है। मोर आशीष माधवराव को नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (जेएस लेवल) अतिरिक्त सीईओ पद पर नियुक्त किया गया है। इस पद पर पहले आईएएस अधिकारी मधु रानी तेवतिया कार्यरत थी। वर्णाली डेका को नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के ज्वाइंट सेक्रेटरी पद पर नियुक्त किया गया है।
नरेश देसाई बने गुजरात बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष
अ हमदाबाद। बीजेपी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से आए नरेश देसाई को गुजरात में युवा मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी है। नरेश देसाई अभी गुजरात युवा मोर्चा में महामंत्री थे। उत्तर गुजरात के पाटन से आने वाले नरेश देसाई गुजरात में डॉ. हेमांग जोशी की जगह लेंगे। बीजेपी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में वडोदरा सांसदा हेमांग जोशी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया था। इसक बाद से गुजरात बीजेपी युवा मोर्चा अध्यक्ष कौन होगा? इसको लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा था। नरेश देसाई रबारी समुदाय से आते हैं। गुजरात में यह समुदाय ओबीसी में हैं। प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में राजकोट से आने वाली डॉ. देवांगी मैयड भी थीं।
हार्दिक पटेल भी थे रेस में
गुजरात के पाटीदार समाज में अच्छी पकड़ रखने वाले हार्दिक पटेल भी बीजेपी युवा मोर्चा चीफ के लिए दावेदार थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व में आखिर में नरेश देसाई के नाम पर मुहर लगाई। बीजेपी युवा मोर्चा की टीम में कड़वा पटेल को प्रतिनिधित्व नहीं है। ऐसे में हार्दिक पटेल का नाम चर्चा में था। गुजरात में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर भूपेंद्र पटेल, डिप्टी सीएम हर्ष संघवी और प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा हैं। गुजरात में अगले साल चुनाव होने हैं।













