भुवनेश्वर। पीएम मोदी ने ओडिशा के खुर्दा जिले में बने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के दूसरे डेटा सेंटर का शुभारंभ किया। भुवनेश्वर के पास इन्फो वैली-II में 18.55 एकड़ में बना यह परिसर नवी मुंबई के आरबीआई के मुख्य डेटा सेंटर के डिजास्टर रिकवरी बैकअप के रूप में काम करेगा। अगर किसी प्राकृतिक आपदा, तबाही, हमले में मुंबई वाला डेटा सेंटर प्रभावित होता है तो ओडिशा सेंटर से बैकअप जारी रहेगा।
इससे देश के पूरे बैंकिंग और पेमेंट सिस्टम (यूपीआई, आरटीजीएस, एनईएफटी) में रुकावट नहीं आएगी।
पीएम मोदी ने डेटा सेंटर का निरीक्षण किया। वहां अधिकारी से बात भी की। भुवनेश्वर में पीएम मोदी ने करीब 3 किमी का रोड शो भी निकाला।
पीएम के संबोधन की खास बातें
भुवनेश्वर ने भारत को नया संस्थान दिया
आज भुवनेश्वर नए भारत को एक नया संस्थान दे रहा है। भुवनेश्वर में आरबीआई के डेटा सेंटर और साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन एक महत्वपूर्ण अवसर है।
अब गर्वनेंस की अप्रोच बदल रही है
यह इस बात का प्रमाण है कि गर्वनेंस की अप्रोच कैसे बदल रही है क्यों बदल रही है। इसमें हमारा फोकस विकास को आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाना है।
पहले बड़े शहरों तक ही फोकस था
लोगों को पहले लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। बड़े शहरों में यात्रा की सुविधा थी छोटे शहरों में फोकस नहीं था। गांवों में सड़क, बिजली, पानी जैसी चीजें भी चुनातीपूर्ण थीं।
हम गुड गवर्नेंस का मॉडल लेकर चले। भारत का संतुलित विकास हो, छोटे शहरों को अवसर मिले। हमारा लक्ष्य दूर दराज के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी देना, हर नागरिक को यह विश्वास दिलाना कि विकास की यात्रा में वह पीछे नहीं छूटेगा।
ओडिशा में 47000 करोड़ के प्रोजेक्ट्स लॉन्च
पीएम मोदी ओडिशा में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर आयोजित ‘विकास रा धारा, ओडिशा सारा’ कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्य के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में उन्होंने करीब ₹47 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।













