नई दिल्ली। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायु सेना का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है। वह 31 अक्टूबर, 2026 की दोपहर को आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभालेंगे और 31 दिसंबर, 2028 तक इस पद पर बने रहेंगे। वह एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और मई 2025 में पाकिस्तान के साथ हुए सैन्य संघर्ष के दौरान सेना का नेतृत्व किया था।
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित के पास मिराज-2000, मिग के अलग-अलग वर्जन, एचपीटी -32, एएन-32, एवरो, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस जैसे कई तरह के विमान उड़ाने का लंबा अनुभव है। वो एक एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं। लगभग चार दशक के अपने सर्विस करियर के दौरान वो कई ऑपरेशन और एक्सरसाइज़ में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं, जैसे ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर।
वायु सेना में स्वदेशी एलसीए तेजस और दूसरे स्वदेशी विमान प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने के लिए मशहूर एयर मार्शल दीक्षित से सरकार की ‘आत्मनिर्भरता’ पहल को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्हें 6 दिसंबर 1986 को आईएएफ की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन किया गया था। वह नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उनके पास 3500 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव है।














