नई दिल्ली। बॉलीवुड में जहां बड़े सितारों और करोड़ों-अरबों के बजट वाली फिल्मों का दबदबा दिखाई देता है, वहीं 2026 में एक बेहद छोटी फिल्म ने अपनी असाधारण सफलता से सबका ध्यान खींचा। फिल्म का नाम है ‘हनुमान अंश’।
नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित इस फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर महज 21 वर्ष की हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनका रास्ता पारंपरिक फिल्मी दुनिया से होकर नहीं आया। वे ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ बाथ में अर्थशास्त्र की पढ़ाई कर रही थीं। इसी दौरान एक अकादमिक अध्ययन के सिलसिले में उनकी रुचि नीम करोली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक प्रभाव में पैदा हुई।
फिर एक विचार ने आकार लिया—
क्या एक भारतीय संत की कहानी को युवाओं और वैश्विक दर्शकों तक सिनेमा के माध्यम से पहुंचाया जा सकता है? इसी भाव को लेकर मिशन शुरू हुआ। उसके बाद तो एक से एक तार जुड़ते गए और अनुप्रिया ने ‘हनुमान अंश’ बनाने की घोषणा कर दी। थोड़ा रिस्क था लेकिन विश्वास दृढ़ था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। धीमी शुरुआत के बाद इसने सफलता के झंडे गाड़ दिए हैं। बजट से कई गुना ज्यादा बिजनेस कर चुकी है यह फिल्म।













