नई दिल्ली। हनुमान अंश ने जहां बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई है, वहीं इस वीकेंड फिल्म का असर नीब करोरी बाबा के कैंची धाम वाले आश्रम पर भी दिखा और भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ यहां पहुंच गई, जिन्हें संभाल पाना मुश्किल हो रहा था। जहां देखो, वहीं लोग फिल्म को लेकर वाह-वाह कर रहे हैं।
‘हनुमान अंश’ को रिलीज हुए 9 हफ्ते गुजर चुके पर फिल्म को लेकर अभी भी लोगों में दीवानगी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। कई लोग इसे नीब करोरी बाबा के चमत्कार की तरह ही मान रहे हैं।
इस फिल्म की कहानी उत्तर प्रदेश के अकबरपुर गांव में जन्मे एक युवा लड़के लक्ष्मण नारायण शर्मा की कहानी है जिन्हें लोग लक्ष्मी नारायण कहकर पुकारते हैं। बहुत छोटी उम्र में लक्ष्मी नारायण की माता का निधन हो जाता है। उनके बिछोह में वह मात्र 12 वर्ष की आयु में भगवान की खोज में अपना घर छोड़ देते हैं। उनका मन कहता है कि यदि उन्हें ईश्वर मिल जाएं तो वह अपनी मां से भी मिल सकेंगे। उनकी यही तलाश उन्हें उत्तर भारत के जंगलों, नदियों, मंदिरों और गांवों तक ले जाती है और बरसों बाद उन्हें साधना और आंतरिक संघर्ष के बाद यह पता लगता है कि ईश्वर दुनिया से भागने में नहीं, बल्कि मानवता की सेवा करने में ही है। यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसमें शोभिनव सत्या ने नीब करोरी बाबा की भूमिका निभाई है।
पहले दिन मात्र 10 लाख रुपये की कमाई करने वाली ‘हनुमान अंश’ ने 59वें दिन भी धूम मचाई। 9वें रविवार को इस फिल्म ने ₹3.00 करोड़ की शानदार कमाई करके देश की अब तक की सभी टॉप फिल्मों की इस दिन की कमाई को मात दे दी है।
‘हनुमान अंश’ की वर्ल्डवाइड ₹423.26 करोड़ की कमाई
ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर बन चुकी इस फिल्म ने अब तक वर्ल्डवाइड ₹423.26 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर दिखाया है।














