नई दिल्ली। आईफोन बनाने वाली अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी एपल के नए सीईओ जॉन टर्नस ने एक सितंबर को कमान संभाल ली। इसके साथ ही टिम कुक का 15 साल का कार्यकाल खत्म हो गया। कुक के दौर में आईफोन की जबरदस्त कामयाबी की बदौलत कंपनी की वैल्यू आसमान छूते हुए 4.6 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई। विगत दिवस कंपनी के शेयरों में 2.61% उछाल आई और इसके साथ ही इसका मार्केट कैप $4.745 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया। एपल मार्केट कैप के हिसाब से एनवीडिया के बाद दुनिया की दूसरी बड़ी वैल्यूएबल कंपनी है।
एपल के सीईओ के तौर पर टिम कुक ने अपने आखिरी दिन एक बेहद भावुक संदेश लिखा। उन्होंने अपनी कामयाबी का पूरा श्रेय अपनी टीम को दिया और कहा कि कंपनी की असली ताकत उसका कल्चर है। कुक ने साफ किया कि वे कंपनी से पूरी तरह अलग नहीं हो रहे हैं और उन्हें नए सीईओ जॉन टर्नस की काबिलियत पर पूरा भरोसा है।
कुक का कार्यकाल
कुक 2011 में एपल के सीईओ बने थे जब कंपनी के फाउंडर स्टीव जॉब्स ने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे दिया था। उस समय कंपनी का मार्केट कैप $350 अरब था। साल 2015 आते-आते यह $500 अरब पार कर चुका था और अगले साल यह $600 अरब से ऊपर चला गया। 2018 में कंपनी का मार्केट कैप $1 ट्रिलियन पहुंचा और महज दो साल में यह दोगुना होकर $2 ट्रिलियन के पार पहुंच गया। साल 2023 में एपल का मार्केट कैप $3 ट्रिलियन को पार कर गया जबकि अगला साल यह $4 ट्रिलियन पहुंचा। कुक ने 15 साल पहले जब कार्यभार संभाला था तो एपल के शेयर का भाव 13 डॉलर था जबकि पिछले सप्ताह इसका बंद भाव 325.13 डॉलर था। इस तरह कंपनी के शेयरों में पिछले 15 साल में करीब 2,500 फीसदी तेजी आई।
टर्नस का करियर
एपल में कुक के उत्तराधिकारी बने 50 साल के जॉन टर्नस 2001 में कंपनी प्रोडक्ट डिजाइन टीम से जुड़े थे। 2013 में उन्हें हार्डवेयर इंजीनियरिंग का वाइस प्रेजिडेंट बनाया गया और फिर 2021 में उन्हें प्रमोट करके सीनियर वाइस प्रेजिडेंट बनाया गया। टर्नस ने आईपैड और एयरपॉड्स जैसे प्रोडक्ट्स के विकास में अहम भूमिका निभाई।
कितनी मिलेगी सैलरी?
टर्नस को $3 मिलियन की सैलरी और $55 मिलियन के सालाना इक्विटी अवॉर्ड मिलेंगे। उन्हें वन टाइम $2.5 मिलियन की आरएसयू ग्रांट भी मिलेगी। वहीं कुक को एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर अपनी नई भूमिका में भी भारी-भरकम पैकेज मिलेगा। कुक को $2 मिलियन की सैलरी और $45 मिलियन का इक्विटी अवॉर्ड मिलेगा।













