दीपक द्विवेदी
अक्सर विभिन्न संस्थानों अथवा धर्मों से जुड़े ट्रस्टों में चढ़ावे और दान को लेकर चोरी अथवा अनियमितताओं की खबरें सुनने में आती रहती हैं। ऐसी ही एक बड़ी खबर अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और दान की राशि में हुई चोरी को लेकर भी सामने आई जो न केवल एक वित्तीय अपराध या सुरक्षा व्यवस्था की चूक है, बल्कि इससे करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की अटूट आस्था पर एक गहरा आघात भी लगा है। सदियों के सांस्कृतिक संघर्ष, कानूनी वैधानिकता और देश-विदेश के अनगिनत रामभक्तों के त्याग से निर्मित इस पावन परिसर में ऐसी संगठित अनियमितता का सामने आना विचलित करने वाला है। विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट में जिस तरह से काउंटिंग रूम के कर्मचारियों द्वारा 40 दिनों में करीब 70 बार चोरी करने, सुरक्षा मानकों को शिथिल करने की बात सामने आई है, वह संपूर्ण धार्मिक और प्रशासनिक तंत्र के लिए आत्ममंथन का विषय है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने भविष्य के लिए कई अपरिवर्तनीय और कड़े सबक भी दिए हैं।
कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल की आवश्यकता
इस प्रकरण से मिलने वाला सबसे पहला और प्राथमिक सबक यह है कि जब कोई धार्मिक स्थल वैश्विक स्तर पर करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र बनता है, तो उसकी प्रशासनिक व्यवस्था को आधुनिक कॉर्पोरेट गवर्नेंस और अभेद्य सुरक्षा मानकों से लैस होना चाहिए। एसआईटी की जांच में पाया गया कि नोटों की गणना करने वाले कर्मियों की दैनिक आधार पर सघन तलाशी नहीं हो रही थी, वे जेब वाले सामान्य कपड़ों में आ-जा रहे थे और बिना लिखित प्राधिकार के अनधिकृत लोगों के पास दानपात्रों की चाबियां थीं। किसी भी वित्तीय संस्थान या संवेदनशील परिसर में ऐसी ढील एक खुली विफलता है। सीख साफ है कि ढुलमुल व्यवस्थाओं को त्यागकर ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति अपनानी होगी। काउंटिंग रूम में बायोमेट्रिक अटेंडेंस, हाई-डेफिनिशन 360-डिग्री सीसीटीवी कैमरों की चौबीसों घंटे लाइव मॉनिटरिंग और कर्मियों के लिए पूरी तरह से जेब रहित वेशभूषा अनिवार्य की जानी चाहिए तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल किसी व्यक्ति विशेष के भरोसे नहीं, बल्कि स्वचालित प्रणाली पर आधारित होना चाहिए।
पारदर्शिता, आधुनिक वित्तीय ऑडिट का महत्व
ऐसे पावन स्थलों में जब आमजन की गाढ़ी कमाई और ऐसे पावन धन का गबन होता है, तो वह केवल आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि विश्वासघात बन जाता है। इसलिए पाई-पाई का डिजिटल और तात्कालिक मिलान होना आवश्यक है। ट्रस्ट के भीतर जवाबदेही का दायरा स्पष्ट होना चाहिए कि कोई भी पदाधिकारी धार्मिक परिसर में आने वाली संपूर्ण भेंट के प्रति स्वयं को उत्तरदायी समझे। इस घटना से सबक लेते हुए देश के सभी बड़े धार्मिक संस्थानों को ‘रियल-टाइम डिजिटल ऑडिट’ और फॉरेंसिक अकाउंटिंग की ओर कदम बढ़ाना चाहिए और श्रद्धालुओं से पूरी तरह डिजिटल माध्यमों, क्यूआर कोड या सीधे अधिकृत बैंक काउंटरों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ताकि कोई खेल हो ही न सके।
अब समय आ गया है कि सभी धर्मों के पूजा स्थलों में दान के लेन-देन में ऐसी आदर्श, पारदर्शी और आधुनिक व्यवस्था का प्रबंधन किया जाए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास अक्षुण्ण बना रहे।
आंतरिक नियुक्तियों में सावधानी
धार्मिक संस्थाओं में अक्सर ‘सेवक’ या ‘चहेते’ होने के आधार पर आंतरिक नियुक्तियां कर दी जाती हैं, जिसमें पेशेवर पृष्ठभूमि की जांच की अनदेखी होती है। किसी पर आंख मूंदकर भरोसा करना वित्तीय प्रबंधन की सबसे बड़ी भूल होती है। किसी भी धार्मिक प्रबंधन को यह सीखना होगा कि अध्यात्म और प्रशासन दो अलग-अलग विधाएं हैं। जहां धार्मिक स्थल में पूजा-अर्चना का काम संतों, पुजारियों, मौलवियों अथवा पादरियों का है, वहीं धन और सुरक्षा के प्रबंधन का कार्य पूरी तरह से पेशेवर, प्रामाणिक और जांचे-परखे विशेषज्ञों (जैसे सेवानिवृत्त बैंक अधिकारियों या सुरक्षा विशेषज्ञों) के हाथों में ही होना चाहिए।
जैसे ही यह घोटाला उजागर हुआ, तीखी राजनीति व आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया, जो स्वाभाविक था। विपक्षी दलों ने जहां इसे पूरे प्रबंधन की विफलता और भ्रष्टाचार का मुद्दा बनाया, वहीं सत्ता पक्ष ने इसे सनातन संस्कृति को बदनाम करने की साजिश करार दिया। इस राजनीतिक घमासान के बीच जो सबसे ज्यादा आहत हुआ, वह आम भक्त का मन है। यहां बड़ी सीख यह मिलती है कि आराध्य के दरबार को राजनीति का अखाड़ा बनने से बचाना होगा। जब ऐसी कोई अनियमितता सामने आए, तो राजनीतिक ढाल बनाने या बचाव की मुद्रा में आने के बजाय, ट्रस्ट और सरकार को स्वतः आगे बढ़कर पूर्ण पारदर्शिता के साथ दोषियों के खिलाफ ऐसी नजीर पेश करनी चाहिए जो भविष्य के लिए चेतावनी बन सके; जैसा कि राम मंदिर मामले में यूपी सरकार द्वारा किया भी गया है। यह घटना अन्य बड़े धार्मिक संस्थानों के लिए एक बड़ी ‘वेक-अप कॉल’ भी है। अतः अब समय आ गया है कि सभी धर्मों के पूजा स्थलों में दान के लेनदेन में ऐसी आदर्श, पारदर्शी और आधुनिक व्यवस्था का प्रबंधन किया जाए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास एवं शुचिता अक्षुण्ण बनी रहे।












